haribhoomi hindi news
राज्यसभा के वरिष्ठ सदस्य हरिवंश नारायण सिंह को लगातार तीसरी बार उच्च सदन का उपसभापति चुना गया है। शुक्रवार को उनके निर्विरोध चुनाव की औपचारिक घोषणा की गई।

नई दिल्ली। राज्यसभा के वरिष्ठ सदस्य हरिवंश नारायण सिंह को लगातार तीसरी बार उच्च सदन का उपसभापति चुना गया है। शुक्रवार को उनके निर्विरोध चुनाव की औपचारिक घोषणा की गई। विपक्ष की ओर से कोई उम्मीदवार नहीं उतारे जाने के कारण उनका चयन पहले से तय माना जा रहा था।

यह पद 9 अप्रैल को कार्यकाल समाप्त होने के बाद खाली हो गया था। इसके बाद सी.पी. राधाकृष्णन ने राज्यसभा के नियमों के तहत चुनाव की तारीख तय की थी। प्रस्ताव दाखिल करने की अंतिम समय-सीमा गुरुवार दोपहर 12 बजे तक रखी गई थी।

सूत्रों के मुताबिक, हरिवंश नारायण सिंह के समर्थन में कुल पांच प्रस्ताव दाखिल हुए, जबकि विपक्ष ने इस चुनाव का बहिष्कार किया। विपक्ष का कहना है कि केंद्र सरकार द्वारा पिछले कई वर्षों से लोकसभा में उपाध्यक्ष की नियुक्ति नहीं किए जाने के विरोध में यह कदम उठाया गया है।

उपसभापति चुने जाने के बाद नरेंद्र मोदी ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि लगातार तीसरी बार इस पद पर चुना जाना सदन के उनके प्रति गहरे विश्वास को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि हरिवंश के अनुभव और संतुलित नेतृत्व से सदन की कार्यवाही को मजबूती मिली है।

प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि हरिवंश नारायण सिंह ने अपने कार्यकाल के दौरान सभी दलों को साथ लेकर चलने का प्रयास किया है और आगे भी उनके नेतृत्व में सदन की गरिमा और प्रभावशीलता बढ़ेगी।

7