कांग्रेस न्याय यात्रा का आज मुंबई में समापन: INDI गठबंधन करेगा शक्ति प्रदर्शन, राहुल बोले- यह अंत नहीं, न्याय की लड़ाई का आरंभ है

Rahul Gandhi Bharat Jodo Nyay Yatra
X
Rahul Gandhi Bharat Jodo Nyay Yatra
Rahul Gandhi Bharat Jodo Nyay Yatra: पूरब से पश्चिम भारत जोड़ो न्याय यात्रा को 14 जनवरी को इम्फाल से रवाना किया गया था। यह असम, पश्चिम बंगाल, गुजरात, उत्तर प्रदेश, बिहार और महाराष्ट्र सहित 15 राज्यों के 100 से अधिक लोकसभा क्षेत्रों को पार कर चुकी है।

Rahul Gandhi Bharat Jodo Nyay Yatra: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा का आज, 17 मार्च को महाराष्ट्र के मुंबई में समापन है। वे मुंबई में मणि भवन से अगस्त क्रांति मैदान तक न्याय संकल्प पदयात्रा करेंगे। इसके बाद शिवाजी पार्क में एक विशाल रैली होगी। इसमें तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और राजद नेता तेजस्वी यादव शामिल होंगे। लोकसभा चुनाव से पहले विपक्षी एकता के संदेश में उद्धव ठाकरे और उनके बेटे आदित्य, शरद पवार और झारखंड के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के भी इस कार्यक्रम में शामिल होने की उम्मीद है।

पूर्व कांग्रेस प्रमुख और राहुल गांधी की मां सोनिया गांधी भी इस कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगी। खड़गे और सोनिया महाराष्ट्र गठबंधन के नेताओं से भी मुलाकात करेंगी। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी इस कार्यक्रम में शामिल होंगी। प्रियंका शनिवार को यात्रा में शामिल हुई थीं।

शनिवार को ठाणे में खत्म हुई थी यात्रा
मणिपुर से 6,700 किलोमीटर की पैदल यात्रा शुरू करने के दो महीने बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी की न्याय यात्रा शनिवार को मुंबई के ठाणे में खत्म हुई थी। राहुल ने सेंट्रल मुंबई में डॉक्टर भीमराव आंबेडकर के स्मारक चैत्यभूमि पर उन्हें श्रद्धांजलि दी थी। प्रियंका गांधी ने कहा कि आज भारत जोड़ो न्याय यात्रा समाप्त हो रही है। हम दोनों यहां आकर बहुत खुश हैं। राहुल गांधी जी ने यह यात्रा इसलिए की ताकि आप देश की वास्तविकता को समझ सकें। यह पूरी यात्रा जनता को जागरूक करने के लिए थी।

राहुल बोले- यह यात्रा का अंत नहीं, न्याय की लड़ाई का आरंभ
राहुल गांधी ने कहा कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा का आज समापन है, पर यह अंत नहीं, न्याय की लड़ाई का आरंभ है। यात्रा के दौरान मैंने हर वर्ग के साथ हो रहे भयंकर अन्याय और उत्पीड़न को बहुत करीब से जाना और समझा। मैं देशवासियों की उम्मीदों भरी आंखों में छिपे छोटे-छोटे सपनों को अपने साथ लेकर जा रहा हूं। इस यात्रा से मेरा विश्वास और दृढ़ हुआ कि देश की पहली जरूरत न्याय है और हर वर्ग को समर्पित कांग्रेस के 5 न्याय ही संकटकाल से गुज़र रहे भारत की संजीवनी है।

उन्होंने कहा कि चुनाव का बिगुल बज चुका है। कांग्रेस के सभी बब्बर शेर कार्यकर्ताओं, अब चैन से तभी बैठना, जब अन्याय का पर्याय बन चुकी इस सरकार को उखाड़ कर फेंक देना। हम जनता के जीवन से जुड़े ज़मीनी मुद्दों को लेकर चुनाव में उतरेंगे। हमारा चुनावी अभियान भी युवाओं को रोजगार, महिलाओं को अधिकार, किसानों को सही दाम, श्रमिकों को सम्मान और वंचितों को हिस्सेदारी की गारंटी को समर्पित होगा। तो उठाओ न्याय की मशालें और गांव-गांव, गली-गली यह संदेश पहुंचा दो- देश को बचाना है, INDIA को जिताना है।

14 जनवरी को इंफाल से रवाना हुई थी यात्रा
पूरब से पश्चिम भारत जोड़ो न्याय यात्रा को 14 जनवरी को इम्फाल से रवाना किया गया था। यह असम, पश्चिम बंगाल, गुजरात, उत्तर प्रदेश, बिहार और महाराष्ट्र सहित 15 राज्यों के 100 से अधिक लोकसभा क्षेत्रों को पार कर चुकी है।

पिछले साल कन्याकुमारी से कश्मीर तक पार्टी की भारत जोड़ो यात्रा निकाली गई थी। कांग्रेस ने तेलंगाना और कर्नाटक में अपनी विधानसभा चुनाव जीत का श्रेय यात्रा को दिया था।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story