Logo
PM Narendra Modi Punjab Hoshiarpur Rally: पीएम मोदी ने 30 मई को पंजाब के होशियापुर में कहा कि ये लोग (AAP) पंजाब को नशे से मुक्त करने के नाम पर आए थे, लेकिन इन्होंने नशे को ही अपनी कमाई का साधन बना दिया है। दिल्ली के शराब घोटाले को पूरी दुनिया जान चुकी है।

PM Narendra Modi Punjab Hoshiarpur Rally: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार, 30 मई को लोकसभा चुनाव 2024 की अंतिम रैली को संबोधित किया। यह रैली पंजाब के होशियारपुर में हुई। प्रधानमंत्री ने यहां इंडिया गठबंधन और आम आदमी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इंडी गठबंधन वाले मेरा मुंह न खुलवाएं, सात पीढ़ी के पाप निकालकर रख दूंगा। इंडी गठबंधन वाले वीरों का अपमान करते हैं। इन्होंने पूर्व सीडीएस विपिन रावत का भी अपमान किया।

पीएम मोदी ने कहा कि सेना 26 जनवरी के लिए तैयार नहीं की जाती है। सेना लड़ाई के लिए तैयार की जाती है। कांग्रेस वालों ने सेना पर राजनीति की। इन लोगों ने सेना से सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत मांगे। मोदी सेना का अपमान बर्दाश्त नहीं करेगा। 

पीएम मोदी ने बताए मजबूत सरकार के मायने
पीएम मोदी ने दमदार सरकार के मायने भी बताए। उन्होंने कहा कि मजबूत सरकार का मतलब, जो दुश्मन के छक्के छुड़ा दे। जो दुश्मन को घर में घुसकर मारे। जो भारत को आत्मनिर्भर बनाए। जो भारत को समृद्ध बनाए। पंजाब और दूसरे राज्यों के लोग आज जब विदेश जाते हैं तो खुद देखते हैं कि वहां भारत और भारतीयों की इज्जत कितनी बढ़ गई है। जब देश में दमदार सरकार होती है तो विदेशी सरकारें भी हमारा दम देखती हैं। 

संत रविदास के मंत्र को बताया अपनी सरकार का आधार
पीएम मोदी ने रैली में गुरु रविदास की एक पंक्ति पढ़ी। उन्होंने कहा- ऐसा चाहूं राज मैं, जहां मिले सबन को अन्न छोट-बड़ो सब सम बसे, रैदास रहै प्रसन्न। पीएम मोदी ने कहा कि गरीब कल्याण मेरी सरकार की बहुत बड़ी प्राथमिकता है। इसमें गुरु रविदास जी की प्रेरणा है। यही वजह है कि हमने 10 सालों में गरीब से गरीब को मुफ्त अनाज और मुफ्त इलाज की सुविधा दी है। अब किसी भी गरीब, दलित, वंचित मां की संतान को भूखे पेट नहीं सोना पड़ता है। अब किसी गरीब महिला को अपनी बीमारी छिपाने की मजबूरी नहीं है। 

अगले 125 दिन का रोडमैप भी गिनाया
पीएम मोदी ने रैली में अपने अगले 125 दिन का रोडमैप भी गिनाया। उन्होंने कहा कि चुनाव की इस भागदौड़ में भी हमारी सरकार अपना टाइम खराब नहीं कर रही है। सरकार बनते ही अगले 125 दिन में क्या होगा? इसके रोडमैप पर काम कर लिया गया है। इसमें भी 25 दिन विशेष तौर पर युवाओं के लिए रखे गए हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि अगले 5 साल में कौन से बड़े निर्णय लेने हैं, इसकी भी रुपरेखा खींची जा चुकी है। अगले 25 साल के विजन पर भी हमारी सरकार तेजी से आगे बढ़ रही है।

कांग्रेस पर तुष्टिकरण की राजनीति का आरोप
पीएम मोदी ने कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर स्वार्थ और वोट बैंक की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वोट बैंक की राजनीति ने देश का बहुत नुकसान किया है। वोट बैंक के प्रति अपने प्यार के कारण देश के बंटवारे के समय करतारपुर साहिब पर अपना अधिकार नहीं जता पाए। यही लोग हैं, जो अपने वोट बैंक के लिए लगातार राम मंदिर का विरोध करते रहे। तुष्टिकरण की राजनीति के कारण इंडी गठबंधन सीएए का विरोध कर रहा है।

सिखों के गले में टायर बांधकर जलाया गया
पीएम मोदी ने राहुल गांधी का नाम लिए बगैर कहा कि आजकल देश के लोग इंडी गठबंधन वालों से संविधान-संविधान की रट सुन रहे हैं। ये वो लोग हैं जिन्होंने इमरजेंसी में संविधान का गला घोंट दिया था। जब 84 के दंगों में सिखों के गले में टायर बांधकर जलाया जा रहा था, तो इन्हें संविधान की नहीं सूझी।

AAP को बताया भ्रष्टाचारी पार्टी
पीएम ने कहा कि अब कांग्रेस के साथ एक और भ्रष्टाचारी पार्टी (AAP) जुड़ गई है। यहां तो आमने सामने लड़ने का ड्रामा कर रहे हैं, दिल्ली में एक साथ चुनाव लड़ रहे थे। लोग भूले नहीं कि कट्टर भ्रष्टाचारी की पहली सरकार ​कांग्रेस के समर्थन से दिल्ली में बनी थी, इसलिए इन्होंने भ्रष्टाचारी कांग्रेस से भ्रष्टाचार के पाठ पढ़ लिए हैं। कांग्रेस भ्रष्टाचार की जननी है। 60 साल तक कांग्रेस ने भ्रष्टाचार के जो एक से बढ़कर एक वारदातें की हैं। ऐसा लगता है कि कांग्रेस ने भ्रष्टाचार में पीएचडी कर ली है।

नशे से मुक्ति दिलाने के बजाया बनाया कमाई का जरिया
पीएम ने कहा कि ये लोग (AAP) पंजाब को नशे से मुक्त करने के नाम पर आए थे, लेकिन इन्होंने नशे को ही अपनी कमाई का साधन बना दिया है। दिल्ली के शराब घोटाले को पूरी दुनिया जान चुकी है। यहां खनन माफिया भी बेलगाम चल रहा है। इन कट्टर भ्रष्टाचारियों ने, भयंकर झूठवादियों ने पंजाब को गैंगवॉर में झोंक दिया है। इन लोगों ने पंजाब में उद्योग और खेती दोनों को बर्बाद कर दिया है। ये कट्टर भ्रष्टाचारी, भयंकर झूठवादी तो नारी उत्पीड़न में भी नंबर वन बनते जा रहे हैं।

5379487