Pahalgam Terror Attack: पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान आमने-सामने हैं। भारत की कार्रवाई से पाकिस्तान की नींद उड़ गई है। बेचैन पाकिस्तान रोज लाइन ऑफ कंट्रोल (LOC) पर गोलीबारी कर रहा है। पाकिस्तान ने बुधवार (30 अप्रैल) की रात सातवीं बार संघर्षविराम (सीजफायर) का उल्लंघन किया। PAK सेना ने जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा, उरी और अखनूर में LOC के पास फायरिंग की। भारतीय सेना (Indian Army) ने पलटवार कर करारा जवाब दिया। सेना ने हल्के हथियारों से गोलियां चलाईं।

जानिए पाकिस्तान ने कब, कब तोड़ा सीजफायर
जम्मू-कश्मीर में पहलगाम के बैसरन घाटी में 22 अप्रैल को आतंकी हमला हुआ। आतंकियों ने 26 पर्यटकों पर अंधाधुंध गोलियां बरसाकर हत्या कर दी थी। पहलगाम आतंकी हमले के बाद से ही पाकिस्तान दहशत में है। भारत की सख्त कार्रवाइयों से छटपटा रहा पाकिस्तान लगातार सीजफायर तोड़ रहा है। पाकिस्तान ने 24 और 25 को रात को संघर्षविराम का उल्लंघन कर LOC पर गोलीबारी की थी। इसके बाद 26, 27, 28, 29 के बाद अब 30 अप्रैल की रात को पाकिस्तानी सेना ने सातवीं बार सीजफायर तोड़ा और कुपवाड़ा, उरी और अखनूर में गोलीबारी की। भारतीय सेना भी पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दे रही है।

भारत ने दी थी चेतावनी
भारत और पाकिस्तान के मिलिट्री ऑपरेशन के महानिदेशकों ने बुधवार को हॉटलाइन पर बातचीत की थी। भारत ने पाकिस्तान को नियंत्रण रेखा पर बिना उकसावे के किए जा रहे संघर्ष विराम उल्लंघन के खिलाफ चेतावनी दी थी। चेतावनी के बाद भी पाकिस्तान नहीं माना और बुधवार की रात फिर सीजफायर तोड़ा। पाकिस्तान के बार-बार संघर्ष विराम उल्लंघन करने से भारतीय सेना सक्रिय है।