Sexual Assault: तमिलनाडु NIT के गर्ल्स होस्टल में छात्रा से अश्लील हरकत, कैंपस में भारी हंगामे के बाद आरोपी गिरफ्तार

NIT Sexual Assault Case
X
NIT Sexual Assault Case
Sexual Assault: एनआईटी स्टूडेंट की शिकायत के बाद शुक्रवार को आरोपी कर्मचारी की गिरफ्तारी हुई। उसे वाई-फाई रिपेयरिंग के लिए आउटसोर्स पर रखा गया है।

Sexual Assault: तमिलनाडु के राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) में गर्ल्स होस्टल में छात्रा के साथ छेड़छाड़ का गंभीर मामला सामने आया है। इस घटना को लेकर छात्रों ने गुरुवार रात को कैंपस में जमकर हंगामा किया, जिसके बाद शुक्रवार (30 अगस्त) को आरोपी कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया गया। उधर, राज्य में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर विपक्ष ने सत्तारूढ़ डीएमके सरकार को आड़े हाथों लिया।

कमरे में अकेली थी छात्रा, आरोपी ने अश्लील हरकत की
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरोपी तिरुचिरापल्ली स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (NIT) में वाई-फाई रिपेयर करने का काम करता है। उसे आउटसोर्स पर नियुक्ति दी गई है। वह वाई-फाई में आई समस्या ठीक करने के लिए गर्ल्स हॉस्टल में गया था। इसी दौरान उसने छात्रा के सामने अश्लील हरकत की। इस घटना के बाद छात्रों ने देर रात विरोध प्रदर्शन किया। छात्रा की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

लापरवाह हॉस्टल वार्डन को जिम्मेदारी से हटाया
पुलिस के जांचकर्ता अधिकारी ने बताया कि रात को छात्रा अपने कमरे में अकेली थी, तभी आरोपी कर्मचारी ने उसके साथ बदसलूकी की। वारदात के बाद से हॉस्टल की वार्डन पर भी असंवेदनशील टिप्पणियां करने का आरोप लगा, जिसके चलते उसे पद से हटा दिया गया।

कलेक्टर बोले- भविष्य में सभी जरूरी कदम उठाएंगे
त्रिची के कलेक्टर प्रदीप कुमार ने इसे सुरक्षा में गंभीर चूक बताया। उन्होंने कहा- "गर्ल्स हॉस्टल में बिना किसी महिला कर्मचारी की मौजूदगी के किसी बाहरी कर्मचारी को एंट्री नहीं दी जा सकती है।" कलेक्टर ने भरोसा दिलाया कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे।

DMK सरकार महिलाओं को सुरक्षा देने में नाकाम: पलानीस्वामी
तमिलनाडु में विपक्ष के नेता पलानीस्वामी ने एनआईटी में छेड़छाड़ की घटना पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की और कहा कि "सत्तारूढ़ DMK सरकार महिलाओं और बालिकाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों पर सख्त कार्रवाई करने में नाकाम साबित हो रही है।"

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story