Lok Sabha Election Phase 3 ADR Report: लोकसभा चुनाव के तीसरे फेज की वोटिंग 7 मई को होगी। इस दौरान 12 राज्यों की 95 लोकसभा सीटों पर मतदान होगा। इस फेज में 1352 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें मध्य प्रदेश के बैतूल लोकसभा सीट पर खड़े 8 उम्मीदवार भी शामिल हैं। एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) और नेशनल इलेक्शन वॉच के अनुसार, तीसरे फेज में 244 दागी उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। इनमें 172 प्रत्याशियों पर गंभीर मामले दर्ज हैं। 392 उम्मीदवार करोड़पति हैं। 5.66 करोड़ रुपए उम्मीदवारों की औसतन संपत्ति है।
देश में लोकसभा चुनाव के लिए 2 चरणों में वोटिंग हो चुकी है। 19 अप्रैल को पहले फेज में 21 राज्यों की 102 लोकसभा सीटों पर करीब 63 फीसदी वोटिंग हुई थी। वहीं 26 अप्रैल को दूसरे फेज में 13 राज्यों की 88 सीटों पर मतदान हुआ। आखिरी फेज की वोटिंग 1 जून को होगी। 4 जून को नतीजे आएंगे।
इन राज्यों की इतनी सीटों पर 7 मई को वोटिंग
| राज्य | लोकसभा सीट | उम्मीदवार |
| असम | 4 | 47 |
| बिहार | 5 | 54 |
| छत्तीसगढ़ | 7 | 168 |
| दादरा नागर हवेली और दमन दीव | 2 | 12 |
| गोवा | 2 | 16 |
| गुजरात | 26 | 266 |
| जम्मू कश्मीर | 1 | 20 |
| कर्नाटक | 14 | 227 |
| मध्य प्रदेश | 9 | 127 |
| महाराष्ट्र | 11 | 258 |
| उत्तर प्रदेश | 10 | 100 |
| पश्चिम बंगाल | 4 | 57 |
| कुल | 95 | 1352 |
एडीआर रिपोर्ट की अहम बातें
- 1352 उम्मीदवारों में से 18 फीसदी यानी 244 ने अपने ऊपर आपराधिक मामले घोषित किए हैं।
- 172 उम्मीदवारों यानी 13 प्रतिशत ने अपने हलफनामे में गंभीर आपराधिक मामले दर्ज होने का जिक्र किया है।
- 7 उम्मीदवारों ने अपने ऊपर दोषसिद्ध मामले उजागर किए हैं।
- 5 उम्मीदवारों पर हत्या से संबंधित मामले दर्ज हैं।
- 24 उम्मीदवारों पर हत्या के प्रयास संबंधी मामले घोषित किए।
- 38 उम्मीदवारों ने महिलाओं के ऊपर अत्याचार से संबंधित मामले घोषित किए हैं। इनमें से 2 उम्मीदवारों के ऊपर बलात्कार का मामला दर्ज है।
- 17 उम्मीदवारों के खिलाफ भड़काऊ भाषण के मामले दर्ज हैं।
1352 उम्मीदवारों से 392 करोड़पति प्रत्याशी
| संपत्ति का मूल्य | उम्मीदवारों की संख्या | उम्मीदवारों का प्रतिशत |
| 5 करोड़ से अधिक | 163 | 12.06 |
| 2 करोड़ से 5 करोड़ के बीच | 102 | 7.54 |
| 50 लाख से 2 करोड़ के बीच | 289 | 21.38 |
| 10 लाख से 50 लाख के बीच | 372 | 27.51 |
| 10 लाख से कम | 426 | 31.51 |
पल्लवी श्रीनिवास डेम्पो सबसे अमीर उम्मीदवार
तीसरे फेज के चुनाव में 1352 उम्मीदवारों से 392 करोड़पति प्रत्याशी हैं। सबसे अमीर प्रत्याशी पल्लवी श्रीनिवास डेम्पो हैं। भाजपा के टिकट पर वह गोवा में साउथ गोवा से चुनाव लड़ रही हैँ। उनकी कुल संपत्ति 13,61,68,38,731 (1361 करोड़) है। दूसरे नंबर पर ज्योतिरादित्य सिंधिया हैं। वह मध्य प्रदेश की गुना सीट से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने 4,24,74,94,078 (424 करोड़) की संपत्ति घोषित की है। तीसरे नंबर पर महाराष्ट्र में कोल्हापुर सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रहे छत्रपति शाहू शाहजी हैं। उन्होंने 342 करोड़ की संपत्ति घोषित की है।
ये हैं सबसे गरीब उम्मीदवार
महाराष्ट्र की कोल्हापुर लोकसभा सीट से जहां तीसरे फेज के तीसरे सबसे अमीर प्रत्याशी छत्रपति शाहू शाहजी मैदान में हैं, वहीं उनके सामने इरफान अबूतालिब चांद IND से चुनाव लड़ रहे हैं। जिनके पास 100 रुपए की संपत्ति है। दूसरे सबसे गरीब उम्मीदवार रेखाबेन हरसिंहभाई चौधरी हैं। वह गुजरात की बारदोली सीट से बसपा के टिकट पर चुनाव लड़ रही हैं। उनके पास महज 2 हजार की संपत्ति है। तीसरे नंबर पर मनोहर प्रदीप सतपुते हैं। महाराष्ट्र की हटकनंगले सीट से IND के टिकट पर चुनाव लड़ रहे मनोहर ने 2 हजार की संपत्ति घोषित की है।
जानिए किन किन लोकसभा सीटों पर होगा मतदान