Logo
Himachal Pradesh Government Crises: कांग्रेस के 6 और 3 निर्दलीय विधायकों ने मंगलवार को राज्यसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवार के लिए वोट किया। नतीजा भाजपा ने जीत हासिल कर ली। विपक्ष के नेता और अन्य भाजपा विधायकों ने बुधवार सुबह राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला से मुलाकात की।

Himachal Pradesh Government Crises: हिमाचल प्रदेश में क्या ऑपरेशन लोटस होने वाला है? यह सवाल मौजूं है। क्योंकि कांग्रेस की बहुमत वाली सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार खतरे में है। कांग्रेस के 6 और 3 निर्दलीय विधायकों ने मंगलवार को राज्यसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवार के लिए वोट किया। नतीजा भाजपा ने जीत हासिल कर ली। विपक्ष के नेता और अन्य भाजपा विधायकों ने बुधवार सुबह राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला से मुलाकात की। भाजपा ने तीन मांगें रखी हैं। कांग्रेस सरकार के शक्ति परीक्षण यानी फ्लोर टेस्ट की मांग की गई है।

Live Updates...

  • हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि हम तो सभी को माफ करने वाले लोग हैं। सभी हमारे छोटे भाई हैं। हमारी सरकार अपने पांच साल का कार्यकाल पूरा करेगी। 
  • विधानसभा स्पीकर ने बीजेपी के पक्ष में वोट करने वाले 6 विधायकों पर अपना फैसला सुरक्षित रख लिया है। बता दें कि कांग्रेस की ओर से इन विधायकों के खिलाफ दल बदल कानून के तहत एक्शन लेने की मांग की गई थी। 
  • कांग्रेस ने स्थिति पर काबू पाने के लिए कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार और भूपेंद्र सिंह हुड्डा को पर्यवेक्षक बनाया है। दोनों नेता शाम को शिमला पहुंचे। शिमला के सिसिल होटल में कांग्रेस ने अपने विधायकों की मीटिंग बुलाई है। बताया जा रहा है कि दोनों पर्यवेक्षक एक-एक करके सभी विधायकों के साथ मिल रहे हैं।
  • विधानसभा में बजट पास हो गया है। इसके साथ ही सदन को अनिश्चितकालीन के लिए स्थगित कर दिया गया। 
  • क्रॉस वोटिंग करने वाले कांग्रेस के 6 विधायकों को विधानसभा स्पीकर ने नोटिस दिया है। दलबदल कानून के तहत कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई है।
  • विधायकों के वकील ने कहा कि हमें सिर्फ नोटिस मिला है, याचिका की कॉपी नहीं। इसलिए याचिका की कॉपी हमें दी जाए और उसके बाद हम अपना पक्ष रखेंगे। नियम 7 के अनुसार कम से कम 7 दिन का समय दिया जाना चाहिए। सुनवाई आज शाम 4 बजे फिर होगी। 
  • हिमाचल के सियासी संकट पर कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी वाड्रा नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा धनबल, एजेंसियों की ताकत और सत्ता के दुरुपयोग से हिमाचलवासियों के अधिकार को कुचलना चाहती है। 25 विधायकों वाली पार्टी यदि 43 विधायकों वाली कांग्रेस सरकार को बहुमत की चुनौती दे रही है तो साफ है कि वह खरीद फरोख्त पर निर्भर है। 

  • सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि न तो किसी ने मुझसे इस्तीफा मांगा है और न ही मैंने किसी को अपना इस्तीफा दिया है। हम बहुमत साबित करेंगे। भाजपा मेरे इस्तीफे की अफवाह फैला रही है। वे विधायक दल में टूट पैदा करना चाहते हैं। वे चाहते हैं कि कांग्रेस विधायक पार्टी छोड़कर उनके साथ आ जाएं। कांग्रेस एकजुट है। कुछ बीजेपी को वोट देने वाले विधायक हमारे संपर्क में हैं। 

  • विधानसभा से निलंबित भाजपा विधायक धरने पर बैठ गए हैं। वे कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। आरोप है कि उन्हें जबरन सदन से बाहर किया गया। 
  • बीजेपी के विजयी राज्यसभा उम्मीदवार हर्ष महाजन ने कहा कि हर कोई धीरे-धीरे कांग्रेस से दूर जा रहा है। यह सरकार नहीं चलेगी। कांग्रेस सरकारों का यही हश्र होगा।
  • राज्यसभा चुनाव में भाजपा के लिए वोट करने वाले कांग्रेस के 6 विधायक पंचकूला से शिमला लौट आए हैं। सभी विधानसभा पहुंचे हैं। विधानसभा में जबरदस्त हंगामा हो रहा है। 
  • क्रॉस वोटिंग करने वाले कांग्रेस विधायकों में से एक रवि ठाकुर शिमला में राज्य विधानसभा पहुंचे। जब उनसे पूछा गया कि क्या वह कांग्रेस के साथ हैं या भाजपा के, तो उन्होंने जवाब दिया कि भाजपा के साथ हैं। 

  • केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ने बड़े-बड़े और फर्जी वादे करके हिमाचल प्रदेश में सरकार बनाई। कोई भी वादा पूरा नहीं किया गया। कांग्रेस विधायकों ने 14 महीने के भीतर अपनी ही पार्टी क्यों छोड़ दी, क्या मजबूरी थी?

  • विधानसभा में जमकर हंगामा हुआ। विधानसभा स्पीकर ने जयराम ठाकुर समेत 15 भाजपा विधायकों को सस्पेंड कर दिया है। विधायकों को सदन से निष्कासित कर दिया गया है। मार्शल बुलाए गए हैं।
  • हिमाचल प्रदेश के मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने राज्यसभा चुनाव के एक दिन बाद अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने कहा कि मेरे लिए कैबिनेट पद महत्वपूर्ण नहीं है। लेकिन पिछले एक साल में सरकार में जिस तरह की व्यवस्था रही, जिस तरह से विधायकों की अनदेखी की गई और उनकी आवाज को दबाने की कोशिश की गई, ये उसी का परिणाम है।
  • हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने आज शिमला स्थित राजभवन में राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला से मुलाकात की।
  • हिमाचल प्रदेश की राजनीतिक स्थिति पर कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री ने कहा कि यह ठीक नहीं है, इस प्रकार की खरीद-फरोख्त, किसी दिन इसका उल्टा असर हो सकता है। मुझे विश्वास है कि हमारे सभी विधायक पार्टी के प्रति वफादार होंगे। 

यदि राज्यपाल मान लें मांगें तो क्या होगा?
अब यदि राज्यपाल ने बहुमत साबित करने के लिए कहा तो सुक्खू सरकार फंस सकती है। क्योंकि कांग्रेस के पास अब बहुमत नहीं है। यदि राज्यसभा वोटिंग की बात करें तो कांग्रेस के पास 34 वोट हैं। इनमें भी स्पीकर और डिप्टी स्पीकर वोट नहीं कर सकते हैं। इस तरह कांग्रेस के पास 32 वोट ही बचते हैं। 

कांग्रेस को सरकार में रहने का हक नहीं
विपक्ष के नेता जयराम ठाकुर ने राज्यपाल से मुलाकात के बाद कहा कि जब हमारी जीत की संभावनाएं बहुत कम लग रही थीं तब हमने विजय हासिल की है। भाजपा उम्मीदवार हर्ष महाजन ने राज्यसभा चुनाव जीता है। वर्तमान में कांग्रेस सरकार सत्ता में रहने का नैतिक अधिकार खो चुकी है। जयराम ठाकुर 2022 तक हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री थे। 

बजट पास कराना चुनौती
फ्लोर टेस्ट से पहले हिमाचल सरकार को 2024-25 का बजट पेश करना और इसे पास कराना है। 29 फरवरी को सदन में बजट पेश किया जाएगा। यदि राज्यपाल से अनुमति मिल गई तो वोटों का विभाजन प्रत्येक पार्टी का वास्तविक समर्थन साबित करेगा। यदि कांग्रेस सरकार बजट पारित कराने में विफल रहती है, तो यह साबित हो जाएगा कि उसके पास सदन में बहुमत नहीं है।

अभिषेक मनु सिंघवी की आसान जीत की थी उम्मीद
कांग्रेस उम्मीदवार अभिषेक मनु सिंघवी के आसानी से जीतने की उम्मीद थी। एकमात्र राज्यसभा सीट के लिए मंगलवार को हुए मतदान के दौरान छह कांग्रेस विधायकों और सरकार का समर्थन करने वाले तीन निर्दलीय विधायकों ने कथित तौर पर हर्ष महाजन के लिए अपना वोट डाला। नतीजों के बाद महाजन ने कहा कि कांग्रेस सरकार के पास बहुमत नहीं है। राज्य सरकार अभी अल्पमत में है। सरकार में बैठे लोग इस तरफ आने को तैयार हैं। 

हिमाचल में सीटों का गणित

पार्टी संख्या
कांग्रेस 40
भाजपा 25
निर्दलीय 03
कुल 68
बहुमत 35

कांग्रेस ने भूपेंद्र हुड्डा और डीके शिवकुमार को भेजा
हिमाचल में सियासी संकट को लेकर कांग्रेस एक्टिव हो गई है। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा और कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार को संकट सुलझाने के लिए हिमाचल भेजा गया है। दोनों नेता आज शिमला पहुंच सकते हैं। बताया जा रहा है कि बागी विधायकों की मंशा है कि मुख्यमंत्री का चेहरा बदला जाए। 

CH Govt Haryana Ad jindal steel hbm ad
5379487