Logo
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में शिवरात्रि महोत्सव की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया। सराज क्षेत्र में तड़के करीब चार बजे एक जीप अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।

Road Accident हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में शिवरात्रि महोत्सव की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया। सराज क्षेत्र में तड़के करीब चार बजे एक जीप अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है।

जानकारी के अनुसार चार दोस्त बिना घरवालों को बताए सुबह-सुबह जीप लेकर निकले थे। हादसा लंबाथाच-कलहणी सड़क पर बूनालीधार के पास हुआ। जीप (एचपी65 5148) अचानक नियंत्रण खो बैठी और गहरी खाई में जा गिरी। यह स्थान घर से करीब 24 किलोमीटर दूर बताया जा रहा है। गाड़ी योगराज निवासी बगस्याड की थी, और हादसे में उनके बेटे हार्दिक की भी जान चली गई।

गाड़ी गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि दो युवक वाहन से बाहर गिरे हुए थे और दो अंदर फंसे थे। स्थानीय लोगों की मदद से सभी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दो युवकों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। तीसरे युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसा इतना भयानक था कि शुरुआत में युवकों की पहचान करना भी मुश्किल हो गया था।

बताया जा रहा है कि मृतक युवक आईटीआई में पढ़ाई कर रहे थे और शिवरात्रि के मौके पर कहीं जा रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

थाना जंजैहली के प्रभारी Ramkrishna ने बताया कि पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंचकर दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। फिलहाल प्राथमिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने की बात सामने आ रही है, लेकिन विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।

5379487