ईद-उल-फितर 2025: दिल्ली, भोपाल, जम्मू, लखनऊ से लेकर देशभर में Eid की धूम; देखिए फोटो और वीडियो

Eid 2025
X
Eid 2025
Eid 2025: देशभर (India) में सोमवार (31 मार्च) को ईद-उल-फितर की धूम है। अलग-अलग मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज अदा हो रही है। दिल्ली, भोपाल, लखनऊ, मुंबई से लेकर देशभर में ईद पर कितना जश्न। देखिए फोटोज और वीडियो।

Eid 2025: देशभर (India) में सोमवार (31 मार्च) ईद-उल-फितर की धूम है। अलग-अलग मस्जिदों और ईदगाहों में ईद की नमाज अदा हो रही है। दिल्ली की जामा मस्जिद में बड़ी संख्या में लोगों ने नमाज अदा की। भोपाल में नमाज अता करने की सूचना तोप से गोले दागकर दी गई। उत्तर प्रदेश में सड़क पर नमाज पढ़ने से रोक के बाद पुलिस-प्रशासन अलर्ट पर है। कोलकाता में नखोदा मस्जिद के पास ज़कारिया स्ट्रीट पर लोग उमड़ रहे हैं। आइए जानते हैं देश के किस राज्य, जिले, गांव और कस्बे में ईद पर कितनी धूम। फोटो-वीडियो में देखिए माहौल...।

लाल और गेरुआ एक हो गए
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी कोलकाता के ईदगाह में पहुंचीं। ममता ने कहा- हम धर्मनिरपेक्ष हैं। नवरात्रि चल रही है, मैं इसके लिए भी शुभकामनाएं देती हूं, लेकिन हम नहीं चाहते कि दंगे हों। आम लोग ऐसी चीजों में शामिल नहीं होते, केवल राजनीतिक दल ही ऐसा करते हैं।
यह शर्म की बात है। पहले 'लाल' पार्टी धर्मनिरपेक्षता के बारे में बयान देती थी। आज, लाल और गेरुआ एक हो गए हैं। हम अकेले लड़ेंगे। हम सभी धर्मों के लिए अपने प्राणों की आहुति देने के लिए तैयार हैं।

PM मोदी ने दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को ईद की बधाई दी। मोदी ने लिखा- ईद का त्योहार हमारे समाज में आशा, सद्भाव और दयालुता की भावना को बढ़ाए। आपके सभी प्रयासों में खुशी और सफलता मिले। ईद मुबारक!

काली पट्टियां बांधकर वक्फ बिल का विरोध
भोपाल में ईदगाह मस्जिद में नमाज अदा करने के लिए लोग वक्फ बिल के विरोध में काली पट्टियां बांधकर पहुंचे। कुछ युवा फलस्तीन के समर्थन में बैनर लेकर खड़े नजर आए। यहां नमाज के बाद फलस्तीन के लोगों के लिए दुआ भी पढ़ी गई।

जयपुर में बरसाए फूल
जयपुर में हिंदुओं ने ईदगाह आने वाले लोगों पर फूल बरसाए। प्रयागराज में कड़ी सुरक्षा के बीच लोगों ने ईदगाह में नमाज अदा की। जम्मू और कश्मीर के श्रीनगर में लोगों ने सरकारी बॉयज हाई स्कूल सोनवार में ईद की नमाज अदा की।

नीतीश कुमारपटना के गांधी मैदान पहुंचे
तमिलनाडु के त्रिची में लोग बड़ी संख्या में लोगों ने सड़कों पर नमाज अदा की। बिहार के सीएम नीतीश कुमार ईद के कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए पटना के गांधी मैदान पहुंचे। भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन ने दिल्ली की संसद मार्ग स्थित मस्जिद में नमाज अदा की।

कही कोई भेदभाव नहीं
अयोध्या की बाबरी मस्जिद-राम जन्मभूमि मामले में पूर्व वादी इकबाल अंसारी ने कहा कि आज का दिन ईद का है और इसे ईद मिलन कहा जाता है। ईद का त्योहार हिंदू और मुसलमान दोनों ही एक साथ खुशियां मानते हैं। आज का दिन सभी के लिए शुभ है हिंदुओं के लिए भी क्योंकि नवरात्रि भी चल रही है....कही कोई भेदभाव नहीं है।

ईद-उल-फितर जामा मस्जिद में लोगों ने अदा की नमाज

भोपाल की ईदगाह मस्जिद में नमाज अदा, देखिए ड्रोन वीडियो
भोपाल के ईदगाह पर मुख्य नमाज सुबह 7:30 बजे अदा की गई। हर साल की तरह इस बार भी नमाज की सूचना तोप से गोले दागकर दी गई। नमाज ए खास से पहले शहर काजी मुश्ताक अली नदवी ने तकरीर में नोजवानों से कहा- कैरेक्टर और क्वालिटी पैदा करो। नशे से दूरी रखो, हलाल कमाई पर ध्यान दो। हलाल और हराम में फर्क करना सीखो। शहर काजी ने कहा- अपने रोजमर्रा के खर्चों को कम करो लेकिन बच्चों की अच्छी तालीम पर खास ध्यान दो।

ईद की खुशियां फिजाओं में फैलीं
उत्तर प्रदेश के लखनऊ, मेरठ, वाराणसी, आगरा, कानपुर, अयोध्या, मुजफ्फरनगर में ईद की खुशियां फिजाओं में फैल गई हैं। ईद पर गले मिलकर और हाथ मिलाकर एक-दूसरे को मुबारकबाद दे रहे हैं। प्रदेशभर में 30 हजार मस्जिदों और 40 हजार ईदगाहों में ईद-उल-फितर की नमाज को लेकर कड़ी सुरक्षा है। नमाज अदा कर लोगों ने मुल्क में अमन-चैन बरकरार रहने की दुआ मांगी।

सड़क पर नमाज पढ़ने से रोका
उत्तर प्रदेश में सड़क पर नमाज पढ़ने से रोक के बाद पुलिस-प्रशासन अलर्ट पर है। इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया के अध्यक्ष मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने सड़क पर नमाज न पढ़ने की अपील की है। यूपी सरकार ने सख्त हिदायत के बाद मेरठ पुलिस ने अलग से एडवाइजरी जारी की है। मेरठ पुलिस ने कहा, किसी भी स्थिति में सड़क पर नमाज बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कपड़े और सामान खरीदने उमड़े लोग
मुंबई में ईद के जश्न की तैयारियों के बीच लोग कपड़े और अन्य सामान खरीदने के लिए बड़ी संख्या में मोहम्मद अली रोड में उमड़ रहे हैं। चारों तरफ ईद को लेकर उल्लास है।

तेलंगाना में बाजार सजकर तैयार
तेलंगाना में ईद के जश्न के लिए हैदराबाद के चारमीनार के पास के बाजार सज गए हैं। बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ बाजारों में उमड़ रही है।

हम सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कर रहे
संयुक्त पुलिस आयुक्त शिवहरि मीणा (गौतमबुद्ध नगर) ने कहा कि आज ईद की नमाज अदा की जा रही है और साथ ही नवरात्रि भी चल रही है, इसको देखते हुए पुलिस ने सभी आबादी क्षेत्रों में और सभी धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की है। हमने सभी धार्मिक स्थलों और धार्मिक गुरु से बातचीत की है इसके अलावा हमारी पीएससी, सिविल पुलिस और अन्य सहायक शाखाओं के माध्यम से हम सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कर रहे हैं।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story