BJP candidate kissed woman:पश्चिम बंगाल के मालदा उत्तर लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के उम्मीदवार खगेन मुर्मू ने एक महिला के गालों को चूम लिया। बीजेपी कैंडिडेट काे चुंबन करते हुए तस्वीरें ऑनलाइन सर्कुलेट होने के बाद आलोचना का सामना करना पड़ रहा है। यह वाकया चंचल के श्रीहिपुर गांव में सोमवार को एक  चुनाव प्रचार रैली के दौरान सामने आया। यह पूरा दृश्य बीजेपी कैंडिडेट के फेसबुक पेज पर लाइव स्ट्रीम भी हुआ। हालांकि, बाद में इस लाइव स्ट्रीम को हटा दिया गया। 

तृणमूल कांग्रेस का बीजेपी पर तंज
राज्य की सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस(TMC) ने इस पूरे घटना को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा है। टीएमसी ने अपने सोशल मीडिया X अकाउंट से इससे जुड़ी तस्वीरें पोस्ट की। पार्टी ने इसके साथ ही लिखा- अगर आपने अभी जो देखा उस पर यकीन नहीं हो रहा है तो आइए थोड़ा क्लियर कर देते हैं। हां, यह बीजेपी के सांसद और मालदा उत्तर से बीजेपी के प्रत्याशी खगेन मूर्मू हैं जो चुनाव प्रचार अभियान के दौरान मनमर्जी से एक महिला को चूम रहे हैं।

बीजेपी में महिला विरोधी नेताओं की कमी नहीं: टीएमसी

टीएमसी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि बीजेपी के खेमे में पहलवानों का यौन उत्पीड़न करने वाले सांसदों से लेकर बंगाली महिलाओं के बारे में अश्लील गाने बनाने वाले गायकों तक, महिला विरोधियों की कमी नहीं है। इसी तरीके से मोदी का परिवार नारी का सम्मान करता है। कल्पना कीजिए,अगर यह लोग सत्ता में आ गए तो क्या करेंगे।टीएमसी के कई नेताओं ने इस ट्वीट को सोशल मीडिया पर शेयर किया है। टीएमसी के मालदा यूनिट के उपाध्यक्ष दुलाल सरकार ने कहा कि यह बंगाल की संस्कृति के खिलाफ है। क्या सच में बीजेपी कैंडिडेट इस तरह से वोटों की भीख मांग रहे थे। 

इस विवाद पर क्या बोले बीजेपी कैंडिडेट
विवाद पर खगेन मुर्मू ने घटना से इनकार नहीं किया। मूर्मू ने  कहा कि तस्वीर में नजर आ रही महिला उनके अपने बच्चे की तरह है। मुर्मू ने कहा कि इस तस्वीर को तृणमूल से जुड़े किसी शख्स ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है। इस तस्वीर से हल्की छेड़छाड़ भी की गई है। इससे उनकी गंदी मानसिकता का पता चलता है। जिस लड़की को चूमा जा रहा है वह हमारे परिवार की बच्ची की तरह है।

तृणमूल वोट के लिए छटपटा रही
मुर्मू ने कहा कि तस्वीर में नजर आ रही महिला हमारे एक कार्यकर्ता की बेटी है, बेंगलुरु में नर्सिंग की पढ़ाई करती है। उसने अच्छे परिणाम हासिल किए थे। इसलिए मैंने उसकी थोड़ी देखभाल की। हम अपने बच्चों के साथ भी ऐसा ही करते हैं। इस दौरान उसके माता-पिता भी साथ ही खड़े हैं। यहां तक कि मैंने आज भी उसी इलाके में चुनाव प्रचार कर रहा था। किसी ने भी उसे गलत ढंग से नहीं लिया। तृणमूल वोट के लिए छटपटा रही है।