Logo
election banner
3 April News Brief: देश में चुनावी माहौल है। नामांकन भरे जा रहे हैं। कांग्रेस में भगदड़ जारी है। राजनीति से लेकर खेल जगत तक तमाम सेक्टर में कहां क्या हुआ? यहां एक क्लिक पर पढ़ें। 

 3 April News Brief: दिन बुधवार, तारीख- 3 अप्रैल। देश में चुनावी माहौल है। नामांकन भरे जा रहे हैं। कांग्रेस में भगदड़ जारी है। आईपीएल में गेंदबाज मयंक यादव अपनी रफ्तार से सुर्खियों में हैं। गोल्ड की कीमत में लगातार इजाफा हो रहा है। राजनीति से लेकर खेल जगत तक तमाम सेक्टर में कहां क्या हुआ? हरिभूमि दिनभर की प्रमुख खबरें एक साथ संक्षेप में पेश कर रहा है। तो यहां एक क्लिक पर फटाफट पढ़ें बुधवार की बड़ी खबरें। 

3 मार्च बुधवार की बड़ी खबरें ( Budhwar ki badi khabren)

संजय सिंह जेल से रिहा हुए: 6 महीने बाद मिली राहत
आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह 6 महीने बाद बुधवार 3 अप्रैल को तिहाड़ जेल से बाहर आ गए। सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार (2 अप्रैल) को उन्हें दिल्ली शराब नीति मामले में जमानत दे दी थी। कानूनी प्रक्रिया के कारण कल रिहाई नहीं हो सकी। संजय सिंह को दिल्ली शराब नीति मामले में गिरफ्तार किया गया था। इस मामले में दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल फिलहाल तिहाड़ जेल में बंद हैं। 

राजीव गांधी की हत्या के तीन दोषियों ने भारत छोड़ा
पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या के तीन दोषियों ने 3 अप्रैल को भारत को छोड़ दिया। ये सभी बुधवार सुबह चेन्नई से कोलंबो के लिए रवाना हो गए। इनमें  मुरुगन, रॉबर्ट पायस और जयकुमार शामिल थे। बता दें कि नवंबर 2022 में सुप्रीम कोर्ट ने राजीव गांधी की हत्या के मामले में छह दोषियों को रिहा कर दिया था। अदालत ने जेल में उनके "संतोषजनक व्यवहार" और तमिलनाडु सरकार से रिहाई की सिफारिश के आधार पर इन दोषियों को आजाद कर दिया था। 

लोकसभा चुनाव: बसपा ने 12 उम्मीदवारों का किया ऐलान
लोकसभा चुनाव को लेकर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने बुधवार को 12 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी। बसपा ने सरवर मलिक को लखनऊ से राजनाथ सिंह के खिलाफ चुनावी मैदान में उतारा है।

भाजपा में शामिल हुए बॉक्सर विजेंदर सिंह
लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। कांग्रेस नेता और बॉक्सर विजेंदर सिंह ने बुधवार को भाजपा का दामन थाम लिया। इससे पहले चर्चा थी कि विजेंदर मथुरा से हेमा मालिनी के खिलाफ चुनाव मैदान में उतरने वाले हैं, लेकिन अब इन अटकलों में विराम लग गया है। 

लोकसभा चुनाव: कांग्रेस के पांच 'न्याय' और 25 गारंटी
लोकसभा चुनाव 2024 के लिए कांग्रेस की तरफ से घोषणा पत्र का प्रारूप जारी कर दिया गया है, जिसमें कांग्रेस ने जनमानस को लुभाने के लिए 5 न्याय और 25 गारंटी देने की घोषणा की है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पार्टी के इस न्याय और गारंटी के बारे में जानकारी शेयर की है।

राजीव गांधी हत्याकांड के तीन दोषी लौटे श्रीलंका 
राजीव गांधी हत्याकांड के दोषी बुधवार को श्रीलंका लौट गए। वो तमिलनाडु के तिरुची में स्पेशल कैंप में रह रहे थे। अधिकारियों ने ये जानकरी दी है।बीते मंगलवार को केंद्रीय गृह मंत्रालय से अंतिम मंजूरी मिलने के बाद सभी दोषियों के श्रीलंका जाने का मार्ग प्रशस्त हो गया। बता दें कि श्रीलंका जाने वालों में मुरुगन, रॉबर्ट पायस और जयकुमार हैं। श्रीलंकाई अधिकारियों ने उनके सभी दस्तावेज मुहैया करा दिए हैं। 12 नवंबर 2022 से सभी आरोपी तिरुचि में केंद्रीय कारागार के पास स्पेशल कैंप में थे। सुप्रीम कोर्ट से आदेश मिलने के बाद सभी दोषियों की रिहाई का मार्ग प्रशस्त हो सका था।

राहुल गांधी ने वायनाड से दाखिल किया नामांकन
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने बुधवार को आगामी लोकसभा चुनाव के लिए केरल के वायनाड से अपना नामांकन पत्र भरा। नामांकन के दौरान राहुल गांधी के साथ उनकी बहन और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी मौजूद रहीं।

हैदराबाद के खिलाफ नहीं खेल पाएंगे मुस्तफिजुर
बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान के आईपीएल 2024 में सीएसके के आगामी मैच से चूकने की उम्मीद है। रिपोर्ट्स के मुताबिक वह टी20 वर्ल्ड कप 2024 के लिए अमेरिकी वीजा की प्रक्रिया के लिए अपने देश वापस चले गए हैं।

सोने की कीमतों में लगातार तेजी 
भारत में सोने की कीमत बुधवार को एमसीएक्स पर 69,640 रुपये प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गई। मध्य एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव व रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच सुरक्षित निवेश के लिए सोनेे की मांग बढ़ने के कारण इसकी कीमतोंं में तेजी आई है।

दिल्ली भाजपा ने आतिशी को भेजा कानूनी नोटिस
भाजपा की दिल्ली इकाई ने आप नेता और दिल्ली की मंत्री आतिशी को उनके इस दावे पर कानूनी नोटिस भेजा है कि उनसे पार्टी में शामिल होने के लिए संपर्क किया गया था। उन्हें यह नोटिस बुधवार को दिल्ली भाजपा मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर ने अधिवक्ता सत्य रंजन स्वैन के माध्यम से भेजा। नोटिस में कहा गया है,"आपसे अनुरोध है कि आप उक्त आरोप को तुरंत वापस लें और अपनी माफी को टेलीविजन और सोशल मीडिया पर प्रमुखता से प्रसारित करें, ऐसा नहीं करने पर मेरे मुवक्किल आपके खिलाफ सिविल और आपराधिक कार्यवाही शुरू करने को बाध्य होंगे।"

आईपीएल में मयंक का खौफ, बल्लेबाज खोज रहे हैं बचने का तरीका 
आईपीएल 2024 में लखनऊ के लिए खेल रहे मयंक यादव का ये डेब्यू सीजन है और अभी तक सिर्फ 2 मैच खेले हैं। दोनों ही मुकाबलों में टीम की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले मयंक लगातार प्लेयर ऑफ द मैच बने। मंयक यादव की रफ्तार के कहर का दिग्गज बल्लेबाजों के पास भी कोई जवाब नहीं है। इस बीच पूर्व ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर मैथ्यू हेडन ने बल्लेबाजों को मयंक के खिलाफ खेलने के लिए कुछ सुझाव दिए, जिससे उन्हें इस 21 साल के तेज गेंदबाज के खिलाफ रणनीति बनाने में मदद मिलेगी।

11 राज्यों में पुरुषों की तुलना में महिला मतदाता अधिक
बुधवार को आई एक रिपोर्ट के अनुसार, 2024 में ग्यारह राज्यों में पुरुष मतदाताओं की तुलना में महिलाओं की संख्या अधिक है। केरल में इनकी संख्या सर्वाधिक है। रिपोर्ट में 2024 के आम चुनावों में महिलाओं की भूमिका और भागीदारी को दर्शाया गया है।

प्रशिक्षण के लिए तुर्की जाएंगे मुक्केबाज 
खेल मंत्रालय के मिशन ओलंपिक सेल (एमओसी) ने पेरिस ओलंपिक के लिए जाने वाले मुक्केबाजों के तुर्की में प्रशिक्षण के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है, जबकि वैश्विक आयोजन के आगाज में अब बस कुछ ही महीने शेष हैं।

घाटी की सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी पीडीपी
जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने बुधवार को कहा कि उनकी पार्टी घाटी की सभी तीन लोकसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी।

नूंह हिंसा से विवादों में आए बिट्टू बजरंगी फिर मुश्किल में
हरियाणा के नूंह हिंसा से विवादों में आए बिट्टू बजरंगी एक बार फिर विवादों में है। इन दिनों एक वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें बजरंगी को एक युवक को पीटते देखा गया। वीडियो में एक पुलिसकर्मी को भी खड़े देखा गया, लेकिन उसने युवक को बचाने का कोई प्रयास नहीं किया।

कर्नाटक से सांसद सुमलता अंबरीश बीजेपी में शामिल होंगी
कर्नाटक में भाजपा और जद (एस) गठबंधन के लिए एक अच्छी खबर। मांड्या लोकसभा सीट से निर्दलीय सांसद सुमलता अंबरीश ने बुधवार को कहा कि वो आगामी लोक सभा चुनाव में भाजपा को अपना समर्थन देंगी और बीजेपी में शामिल हो जाएंगी।

श्रीलंका ने WTC रैंकिंग में पाकिस्तान को पछाड़ा 
दूसरे टेस्ट में बांग्लादेश पर 192 रन की जीत के बाद, श्रीलंका विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) तालिका में पाकिस्तान को पछाड़कर चौथे स्थान पर पहुंच गया है।

चुनावी दंगल में धनबाद में ट्रांसजेंडर सुनैना सिंह
देश की कोयला राजधानी धनबाद में चुनावी सरगर्मी तेज़ हो गयी है। एक ओर जहां भाजपा अपने दबंग बाघमारा विधायक ढुल्लू महतो को लोकसभा चुनाव का प्रत्याशी घोषित कर उनके लिए वोट मांग रही है, वहीं, इंडिया गठबंधन ने अब तक अपना प्रत्याशी घोषित नहीं किया है। लेकिन चुनाव में थर्ड जेंडर की एंट्री ने सबको चौंका दिया है।

यूपी पुलिस परीक्षा पेपर लीक का मास्टरमाइंड गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा-2023 के पेपर लीक के मास्टरमाइंड को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी राजीव नयन मिश्रा को नोएडा एसटीएफ ने बुधवार को ग्रेटर नोएडा से गिरफ्तार किया। वह पहले भी इस तरह के मामलों में शामिल रहा है।

इंदौर में ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, मां-बेटी की मौत, पिता गंभीर
मध्य प्रदेश की व्यापारिक नगरी इंदौर में बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया, जिसमें ओवरटेक करती बाइक को ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे बाइक पर सवार मां-बेटी की मौत हो गई और पिता की हालत गंभीर है।

पाकिस्तान दौरे के लिए न्यूजीलैंड टी20 टीम का ऐलान
न्यूजीलैंड ने पाकिस्तान के खिलाफ रावलपिंडी और लाहौर में 17 से 27 अप्रैल तक होने वाली पांच मैचों की टी20 सीरीज के लिए अनुभवी ऑलराउंडर माइकल ब्रेसवेल को अपना कप्तान नियुक्त किया है।

बीजेपी नेता सुशील मोदी कैंसर से पीड़ित
बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी इस लोकसभा चुनाव में पार्टी के लिए कोई काम नहीं कर पाएंगे और नहीं किसी उम्मीदवार के लिए प्रचार कर पाएंगे। वे पिछले छह महीने से कैंसर से पीड़ित हैं।

छत्तीसगढ़ में कांग्रेस को झटका, महासचिव ने पार्टी छोड़ी
छत्तीसगढ़ में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। यहां की महिला इकाई की प्रदेश महासचिव उषा पटेल पिथौरा ने सभी पदों के साथ पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने पार्टी में महिलाओं को अपमानित किए जाने का आरोप लगाया है।

राज्यसभा से रिटायर हुए मनमोहन सिंह
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह बुधवार को राज्यसभा से रिटायर हो गए। दो बार देश के प्रधानमंत्री रहे 91 वर्षीय मनमोहन सिंह के लिए बतौर सांसद यह आखिरी पारी थी। मनमोहन सिंह के अलावा वर्तमान सरकार के दो वरिष्ठ कैबिनेट मंत्रियों का कार्यकाल भी बुधवार को राज्यसभा में समाप्त हो गया। 

कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल वाहनों का भुगतान नहीं
कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल वाहनों का भुगतान नहीं करने का आरोप लगाया गया है। दिल्ली में ट्रांसपोर्ट का व्यवसाय करने वाले बुलंदशहर की अनूपशहर कोतवाली क्षेत्र के गांव रोरा निवासी मोती, सतेंद्र, धर्मेंद्र, रामकिशन नें यात्रा में शामिल 25 से ज्यादा वाहनों का भुगतान नहीं करने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि यात्रा के जिम्मेदार लोगों से कई बार कहने के बावजूद अभी तक हमारा बकाया नहीं दिया गया।

उत्तर कोरिया का बैलिस्टिक मिसाइल के सफल प्रक्षेपण का दावा
उत्तर कोरिया ने बुधवार को दावा किया कि उसने मध्यम दूरी की नई हाइपरसोनिक बैलिस्टिक मिसाइल (आईआरबीएम) का सफल परीक्षण किया है। उसनेे कहा कि देश में विकसित सभी मिसाइलें अब ठोस ईंधन व परमाणु हथियारों की क्षमता के साथ लैस हैं।

ताइवान में 7.3 तीव्रता का भूकंप, सुनामी की चेतावनी
चीन भूकंप नेटवर्क केंद्र (सीईएनसी) के अनुसार, बुधवार सुबह 7:58 बजे (बीजिंग समय) ताइवान के हुलिएन के पास समुद्री क्षेत्र में 7.3 तीव्रता का भूकंप आया।भूकंप की तीव्रता को देखते हुए सुनामी की चेतावनी जारी की गई है। सीईएनसी द्वारा जारी एक रिपोर्ट में कहा गया है कि भूकंप का केंद्र 23.81 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 121.74 डिग्री पूर्वी देशांतर पर 12 किमी की गहराई पर था।

5379487