Logo
Anurag Thakur attack on Priyanka Gandhi: केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने ऊना में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की रैली पर निशाना साधा। ठाकुर ने कहा कि प्रियंका गांधी ने पुरानी गारंटियां पूरी नहीं की, और फिर से हिमाचल की जनता को ठगने आ गईं।

Anurag Thakur attack on Priyanka Gandhi: हमीरपुर लोकसभा से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने ऊना में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की रैली पर निशाना साधा। ठाकुर ने कहा कि प्रियंका गांधी ने नई गारंटियों की घोषणा तो कर दी, मगर पुरानी गारंटियों के बारे में कोई जवाब नहीं दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रियंका गांधी पुरानी गारंटियां पूरी किए बिना फिर से हिमाचल की जनता को ठगने आई हैं।ठाकुर ने कहा कि जब सुक्खू और राहुल गांधी झूठी गारंटिया देते-देते थक गए तो अब प्रियंका गांधी को दोबारा ठगने भेज दिया। 

प्रियंका गांधी ने नए-नए झूठे वादों की लिस्ट थमा दी
अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रियंका गांधी, सुक्खू और राहुल गांधी ने 16 महीने पहले 1500 रुपए  प्रति महीने का वादा किया था, लेकिन अब तक इसे पूरा नहीं किया गया। हमीरपुर और हिमाचल की माताएं-बहनें आस लगाए बैठी थीं कि शायद प्रियंका गांधी 16 महीने पहले किए अपने  वादे पर कुछ बोलेंगी, लेकिन प्रियंका गांधी ने इस पर कुछ नहीं कहा और नए-नए झूठे वादों की लिस्ट थमा दी है। 16 महीने से खुद को ठगा महसूस कर रही जनता अब आक्रोशित हो चुकी है। जनता 1 जून को हिमाचल से कांग्रेस का सूपड़ा साफ करने के लिए वोट करने जा रही है।

कांग्रेस सिर्फ किसी भी तरह से सत्ता हथियाना चाहती है
अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सिर्फ किसी भी तरह से सत्ता हथियाना चाहती है। सत्ता में आने के बाद कांग्रेस जनता की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं रखती। हिमाचल प्रदेश पिछले 16 महीनों से इसका भुक्तभोगी है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस नेताओं की यही विडंबना है कि आजादी के 75 वर्षों बाद भी वे जनता को मूर्ख समझते हैं। इन्हें ऐसा लगता है कि वह जनता को कुछ भी बोल देंगे, तो वह इनकी बातों में आ जाएगी और कांग्रेस को वोट देगी। यही वजह है कि कांग्रेस 2014 और 2019 में हारी और इस बार यह 40 से भी कम सीटों पर सिमटने वाली है।

महिला उत्पीड़न के मुद्दे पर सिलेक्टिव राजनीति करती है कांग्रेस
अनुराग ठाकुर ने प्रियंका गांधी के 'लड़की हूं, लड़ सकती हूं' नारे पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी को बंगाल और कर्नाटक में महिला उत्पीड़न के मामले क्यों नहीं दिखते? उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके सहयोगी महिला उत्पीड़न के मुद्दे पर सिलेक्टिव राजनीति करते हैं। देश यह बात समझता है। इसी कारण जनता उन्हें बार-बार नकार रही है। प्रियंका गांधी को अब अपना नारा लड़की हूं लड़ सकती हूं के बदले, लड़की हूं लेकिन नहीं लड़ सकती हूं, कर लेना चाहिए।

नारी सशक्तिकरण के मोदी सरकार ने किए कई काम
अनुराग ठाकुर ने मोदी सरकार की ओर से महिला सशक्तिकरण के दिशा में की गई कोशिशों की तारीफ की। उन्होंने कहा कि बीतेक 10 वर्षों में मोदी सरकार ने महिला सशक्तिकरण को एक नया आयाम दिया है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम, पंचायती राज संस्थाओं में 50% आरक्षण, और संगठन में महिलाओं के लिए 25% आरक्षण इसका प्रमाण हैं। उन्होंने यह भी बताया कि मोदी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का सबसे बड़ा लाभ माताओं और बहनों को ही मिला है।

भारत की बेटियां आज कई क्षेत्रों में आगे बढ़ रहीं
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, नल से जल योजना और शौचालय निर्माण से महिलाओं का जीवन सुगम और सुरक्षित हुआ है।  भारत अगर चांद के साउथ पोल पर कदम रखने वाला पहला देश बना है तो इसमें  महिला साइंटिस्टों ने भी अहम योगदान दिया है। आज दुनिया में सबसे ज्यादा वूमन पायलट भारत में ही हैं। भारत की बेटियां एके 47 लेकर  दुश्मनों से मुकाबला करने में सक्षम हैं। यह सब बदलाव मोदी सरकार के कार्यकाल में ही संभव हुआ है।

5379487