Logo
Lok Sabha Polls 2024 BJP Victory Prediction: इयॉन ब्रेमर से पहले जाने-माने राजनीतिक रणनीतिकार और जन सुराज पार्टी के प्रमुख प्रशांत किशोर ने एनडीटीवी को दिए इंटरव्यू में दावा किया था कि भाजपा 2019 के चुनाव के मुकाबले शानदार प्रदर्शन करेगी।

Lok Sabha Polls 2024 BJP Victory Prediction: देश में 25 मई को लोकसभा चुनाव के छठे फेज की वोटिंग होगी। इसके लिए आज, गुरुवार (23 मई) को प्रचार का आखिरी दिन है। 25 मई के बाद 1 जून को आखिरी फेज का मतदान होगा। 4 जून को नतीजे आएंगे। इस बीच देश-विदेश के जाने-माने राजनीतिक रणनीतिकार और चुनावी पंडित जीत-हार और सीटों को लेकर अनुमान लगाने लगे हैं। एक तरह जहां 2014 में भाजपा के साथ काम कर चुके प्रशांत किशोर ने भाजपा को मिलने वाली संभावित सीटों को लेकर अपना दावा किया, वहीं अब एक अमेरिकी पॉलिटिकल साइंटिस्ट और ग्लोबल पॉलिटिकल रिस्क कंसल्टेंट इयॉन ब्रेमर का अनुमान सामने आया है। 

इयॉन ब्रेमर ने भाजपा को 2019 के लोकसभा चुनाव से अधिक सीटें दी है। एनडीटीवी प्रॉफिट के साथ इंटरव्यू में उन्होंने दावा किया कि 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा 305 (+/- 10) सीटें जीतेगी। मतलब भाजपा को अधिकतम 315 और कम से कम 295 सीटें मिलने का अनुमान है।

भारत के चुनाव को बताया स्थिर-सुसंगत
इयॉन ब्रेमर रिस्क और रिसर्च कंसल्टेंसी फर्म यूरेशिया ग्रुप के संस्थापक हैं। ब्रेमर ने यह भी कहा कि वैश्विक नजरिए से देखें तो भारतीय आम चुनाव एकमात्र ऐसा चुनाव है जो स्थिर और सुसंगत दिखता है। वरना हर चीज यहां तक कि इस साल नवंबर में अमेरिका में होने वाला राष्ट्रपति चुनाव भी कई समस्याओं से भरा हुआ दिख रहा है। 

ब्रेमर ने आगे कहा कि हमारे सामने बड़े स्तर पर मैक्रो लेवल की जियोपॉलिटिकल अनिश्चितता है और जिस तरह कंपनियां सोचती हैं, वैसा ग्लोबलाइजेशन का भविष्य नहीं दिख रहा है। यहां तक कि राजनीति खुद को ग्लोबल मार्केट प्लेस में घुसा रही है। युद्ध, अमेरिका-चीन संबंध, और अमेरिकी चुनाव इसका एक बड़ा हिस्सा हैं। इन सभी को ठीक से मैनेज नहीं किया जा रहा है। इनका प्रभाव ज्यादा नकरात्मक है। सच्चाई यह है कि राजनीतिक रूप से एकमात्र चीज जो स्थिर और सुसंगत दिखती है, वह भारत का चुनाव है। बाकी सब कुछ समस्याग्रस्त दिखता है।

Ian Bremmer
Ian Bremmer

सच हुई भविष्यवाणी तो भाजपा की होगी सबसे बड़ी जीत
इयॉन ब्रेमर से भारत में सात चरणों में चल रहे लोकसभा चुनाव के अनुमान को लेकर सवाल पूछा गया, इसके जवाब में उन्होंने कहा कि यूरेशिया ग्रुप के रिसर्च से पता चलता है कि भाजपा 295-315 सीटें जीतेगी।

अगर इयॉन ब्रेमर की भविष्यवाणी सच साबित हुई तो यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा की सबसे बड़ी जीत साबित होगी। क्योंकि 2014 के चुनाव में भाजपा को 282 सीट मिली थी। एनडीए की सीटों को मिलाकर यह आंकड़ा 336 का हुआ था। जबकि 2019 के चुनाव में भाजपा ने खुद के दम पर 303 सीटें हासिल की थी। जबकि एनडीए सहयोगियों सहित यह आंकड़ा 353 सीटों का था। 

ब्रेमर ने बताया क्यों जीत रहे मोदी
इयॉन ब्रेमर से पहले जाने-माने राजनीतिक रणनीतिकार और जन सुराज पार्टी के प्रमुख प्रशांत किशोर ने एनडीटीवी को दिए इंटरव्यू में दावा किया था कि भाजपा 2019 के चुनाव के मुकाबले शानदार प्रदर्शन करेगी। भाजपा के नतीजे पिछली बार के चुनाव जैसे या उससे अच्छे हो सकते हैं। उन्होंने कहा था कि भाजपा इस बार 400 सीट नहीं जीतेगी, लेकिन 300 से कम भी नहीं होगी। 

प्रशांत किशोर जैसी बात इयॉन ब्रेमर ने कही है। उन्होंने कहा कि उम्मीद है कि बीजेपी इस साल अपनी हैट्रिक पूरी कर लेगी। ब्रेमर ने मेरी रुचि दुनिया के सभी चुनावों में है। लेकिन भारत सबसे बड़ा लोकतंत्र है। उन्होंने स्वतंत्र और निष्पक्ष और पारदर्शी भारतीय चुनावी प्रक्रिया की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी लगभग निश्चित रूप से मजबूत आर्थिक प्रदर्शन और लगातार सुधार के दम पर तीसरा कार्यकाल जीतने जा रहे हैं। 

अगले साल भारत बनेगा चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था
भारत के आर्थिक भविष्य पर ब्रेमर ने कहा कि दुनिया ने देखा है कि भारत ने दशकों से खराब प्रदर्शन किया है। भारत के पास अविश्वसनीय जनसांख्यिकीय वजन और बहुत मजबूत बौद्धिक पूंजी है। इतने सारे अमेरिकी सीईओ भारत से आते हैं। फिर भी, एक अर्थव्यवस्था के रूप में भारत का प्रदर्शन खराब रहा है। अब हम देख रहे हैं कि विकास में तेजी आ रही है।

ब्रेमर ने यह भी कहा कि अगले साल तक भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। 2028 तक तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था भारत होगा। लेकिन हम यह भी देख रहे हैं कि भारत दुनिया के बाकी देशों के साथ अपनी दोस्ती को परिभाषित करने के मामले में और अधिक शक्तिशाली बन रहा है।

देखिए- फलौदी सट्टा बाजार का क्या है अनुमान?

5379487