Logo
election banner
प्रेम की अनुभूति जितनी कोमल होती है, उतनी ही सामर्थ्यवान भी। ईश्वर की आराधना तुल्य यह अनुभूति अगर सहज रूप में प्रवेश करे तो जीवन संवर जाता, निखर उठता है। सच, प्रेम की उपस्थिति से जीवन में नवऊर्जा का संचार होता है, उमंग से भर उठता है।

love changes life: बसंत अपने उत्कर्ष पर है। इस खिलते, खुलते मौसम में इंसान, पशु-पक्षी, प्रकृति सबकी मनोकामनाएं हिलोरें ले रही हैं। उधर प्रकृति अपने नवरूप का उत्सव मना रही है तो प्यार करने वाले युगल, प्यार के उत्सव के आनंद में डूबे हुए हैं। प्रेम की ऋतु में हर ओर प्रेम की बयार बहना स्वाभाविक ही है। प्रेम का स्वभाव ही ऐसा है, यह अपनी उपस्थिति से चारों दिशाओं को महका, बहका देता है।

प्यार में वह शक्ति जो दुनिया बदल दे
किसी ने कहा है कि प्यार इस ब्रह्मांड की सबसे सामर्थ्यवान भावना है। मतलब प्यार में वह शक्ति है कि यह इंसान के साथ इस दुनिया को भी बदल कर रख सकता है। कहते हैं, अगर प्यार सच्चा हो तो हारे हुए इंसान को भी बुलंदियों पर पहुंचा सकता है। अगर कोई जीवन में भटक जाए, गलत रास्ते पर निकल जाए तो प्यार उसे संभाल लेता है। प्यार जीवन की कठिनाइयों और दुख-दर्द के प्रभाव को मिटा देता है। इसलिए प्यार की इस ताकत को पहचानिए और अपनी जिंदगी बदल लीजिए।

बेशर्त होता है प्यार
प्यार की शर्त यही है कि यह सदा से बेशर्त होता है। किसी भी करार के दायरे से बाहर। सच्चा प्यार, बदले में कुछ नहीं चाहता। कोई तर्क या कोई विज्ञान प्यार की भावना को समझाने के लिए काफी नहीं होता। इसलिए प्यार में ज्यादा सवाल-जवाब, मोल-तोल ठीक नहीं। प्यार सच्चे मन और शुद्ध भावना से किया जाना चाहिए। किसी चाहत या किसी कामना की पूर्ति के लिए किया गया प्यार, प्यार नहीं स्वार्थवश गढ़ा गया रिश्ता होता है।

सहजता से आने दें प्रेम
प्यार में अधिकार की भावना आ जाना कोई हैरानी की बात नहीं। लेकिन यह अधिकार एक-दूसरे के लिए सीमाएं बनाने वाला नहीं होना चाहिए। हमें हर हाल में एक-दूसरे की भावनाओं की कद्र करना आना चाहिए। अपने साथी को अपने अनुरूप ढालने की कोशिश करना अपनी इच्छापूर्ति करने जैसा है। उसकी इच्छाओं, सपनों को अपने रंग में रंगने का मतलब है, आप प्यार पर शासन करने की चाह रखते हैं। क्या किसी पर आधिपत्य जमाकर उसका प्यार हासिल किया जा सकता है? कभी नहीं। प्यार तो एक स्वत:स्फूर्त भावना है। प्रेम का आनंद लेने के लिए उनके सहज आगमन का स्वागत करें, उसे बलपूर्वक प्राप्त करने का या अपनी इच्छानुसार बदलने का प्रयास ना करें।

प्यार दुनिया की सबसे बड़ी पूजा
जीवन में प्यार के अहसास का आनंद ईश्वर को पाने के अहसास से कुछ कम नहीं होता है। दोनों ही अहसास शब्दों में नहीं लिखे जा सकते। इस संसार का कोई भी माध्यम इस आनंद को व्यक्त नहीं कर सकता है। दरअसल, प्यार इंसान के भीतर की अच्छाइयों को इतना बढ़ा देता है कि उसमें और उसके रचयिता में अधिक अंतर नहीं रह जाता है। यही कारण है कि लोग प्यार को दुनिया में सबसे बड़ी पूजा मानते हैं।

निभाएं प्रेम की मर्यादा
प्यार की कुछ मर्यादाएं भी होती हैं। कुछ बातें जो प्यार के फूलों को असमय मुरझाने से बचा सकती हैं। कुछ वादे, कुछ वचन जो प्यार की भावना को परिपक्वता देते हैं, उन्हें निभाना जरूरी है। ये वचन प्रेम के साथ समर्पण, भरोसा, सहयोग, निष्ठा की मांग करते हैं। विश्वास वह दीवार है, जिस पर प्रेम के बड़े-बड़े महल खड़े होते हैं। उन्हें संदेश, मनमुटाव की आंधियां गिरा नहीं पातीं। इसी तरह जहां समर्पण होता है, वहां रास्ते और मंजिल भी एक हो जाते हैं। जीवन की गाड़ी बिना रुकावट आगे बढ़ती है। दिलों में प्रेम फलता-फूलता है और सामान्य सी जिंदगी जीने वाले लोगों के लिए भी हर दिन वैलेंटाइन-डे का उत्सव हो जाता है। 

प्रेम की यही विशेषता है, जिसके संग होता है, उसकी जिंदगी खास हो ही जाती है। प्यार दो लोगों के मेल के साथ दो दिलों, दो आत्माओं का भी जुड़ाव है। यह जुड़ाव एक दिन का मेल नहीं। प्रेम सच्चा हो तो जन्मों का बंधन बन जाता है अनंत काल तक प्यार के ये बंधन बनते रहें। इसे कभी कोई तोड़ ना सके। इसी कामना के साथ हम प्रेम का यह उत्सव मनाएं। यही इस पर्व की सार्थकता है।

सरस्वती रमेश 

5379487