Logo
Sattu Benefits: लू लगने से बीमार व्यक्ति को सत्तू के घोल में जरा सा नमक और नीबू मिलाकर दिया जाए तो तुरंत ऊर्जा प्रदान कर शरीर को हाइड्रेट करने में मददगार होता है।

Sattu Benefits: गर्मी का प्रकोप बढ़ने के साथ ही लोग इससे बचाव के सभी संभव उपाय करने लगते हैं। कुछ लोग कोल्ड ड्रिंक भी पीते हैं। इससे कुछ ठंडक तो महसूस होती है लेकिन इसका शरीर पर दुष्प्रभाव भी पड़ता है। कुल्फी, नारियल पानी, शिकंजी, गन्ने का रस की मांग भी बढ़ जाती है। इनके अतिरिक्त गर्मियों में स्वास्थ्य के लिए अत्यंत फायदेमंद खाद्य पदार्थ सत्तू भी है। इसे भुने हुए जौ और चने को पीसकर बनाया जाता है। इसे खाया भी जा सकता है या शीतल पेय के रूप में पिया भी जा सकता है। सत्तू में बहुत सारे खनिज मौजूद होते हैं। इनमें कैल्शियम, मैग्नीशियम, आयरन और पोटैशियम आदि प्रमुख हैं। ये शरीर के लिए बहुत जरूरी होते हैं। इसके सेवन के तरीके भी अलग-अलग हैं। कोई कालीमिर्च और नमक मिलाकर आटे की तरह गूंथ (गूंद कर) प्याज के साथ या पानी में घोलकर नीबू का रस मिलाकर और कुछ लोग तो इसमें घी और शक्कर मिलाकर खाते हैं। गर्मी में कैसे भी खाएं सत्तू लाभ ही करेगा।

कई तरह से फायदेमंद
इस मौसम में तेज गर्म हवाएं, झुलसाने वाली धूप शरीर को हानि पहुंचाती है। इसके फलस्वरूप त्वचा झुलस जाती है। बाल एकदम‌ रूखे और बेजान हो जाते हैं। साथ ही पाचन भी गड़बड़ हो जाता है। चक्कर आने लगते हैं, दस्त, उल्टी के साथ बुखार, सिर दर्द भी होने लगता है। ऐसी दशा में सत्तू संजीवनी का काम करता है। धूप में घर से बाहर निकलने से पहले सत्तू का सेवन‌ अनेक परेशानियों से बचाता है। आहार विशेषज्ञों के अनुसार सत्तू को सुपर फूड (विशेष खाद्य पदार्थ)की श्रेणी में रखा गया है। इसमें फाइबर, कार्बोहाइड्रेट और प्रोटीन प्रचुर मात्रा में मौजूद होते हैं। यह लू से तो बचाता ही है, साथ ही (डायबिटीज) मधुमेह और (ब्लडप्रेशर) रक्तचाप को भी नियंत्रित करता है। इसमें मिलने वाले आयरन की मात्रा चेहरे की झुर्रियों को कम करने के साथ-साथ बालों का रूखापन हटाकर इसे झड़ने से रोकने में मददगार है। गर्भावस्था और मासिक धर्म के समय महिलाओं में पोषक तत्वों की पूर्ति करने में भी सत्तू का सेवन सक्षम है। वजन घटाने में भी इसका सेवन हितकर है।

ऐसे करें सेवन: लू लगने से बीमार व्यक्ति को सत्तू के घोल में जरा सा नमक और नीबू मिलाकर दिया जाए तो तुरंत ऊर्जा प्रदान कर शरीर को हाइड्रेट करने में मददगार होता है।
इसमें मिलने वाला फाइबर पेट को साफ करता है और पाचन में सहायक है। कब्ज से परेशान लोगों के लिए तो यह रामबाण है। पेट फूलना, पेट में भारीपन, अपचन जैसी समस्याओं के लिए इसका सेवन बहुत असरकारी होता है।
यहां बताए गए उक्त सभी उपाय उपचार सामान्य हैं। प्रयोग करने से पहले अनुभवी वैद्य या आयुर्वेद विशेषज्ञ से सलाह अवश्य करें।
          -वैद्य हरि कृष्ण पांडे ‘ हरीश’

5379487