Khatta Meetha Poha: सुबह के नाश्ते में अगर कुछ हल्का, स्वादिष्ट और झटपट तैयार होने वाला बनाना हो तो पोहा से बेहतर विकल्प शायद ही कोई हो। लेकिन कई बार घर पर बना पोहा वैसा टेस्टी नहीं बन पाता जैसा रेस्टोरेंट या स्ट्रीट स्टाइल में मिलता है। असली मजा तब आता है जब पोहा में खट्टे-मीठे स्वाद का परफेक्ट बैलेंस हो।
खास बात यह है कि कुछ छोटे-छोटे किचन ट्रिक्स अपनाकर आप भी घर पर बिल्कुल रेस्टोरेंट जैसा खट्टा-मीठा पोहा तैयार कर सकते हैं। आइए जानते हैं इसकी आसान और परफेक्ट रेसिपी, जिससे हर कोई तारीफ करेगा।
खट्टा मीठा पोहा बनाने के लिए सामग्री
- 2 कप मोटा पोहा
- 2 बड़े चम्मच तेल
- 1 छोटा चम्मच राई
- 1 छोटा चम्मच जीरा
- 8-10 करी पत्ता
- 1 बारीक कटा प्याज
- 1-2 हरी मिर्च (कटी हुई)
- 1/2 कप उबले हुए मूंगफली दाने
- 1/4 छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
- 1 छोटा चम्मच चीनी
- 1-2 बड़े चम्मच नींबू का रस
- स्वादानुसार नमक
- सजावट के लिए हरा धनिया
- 2 बड़े चम्मच अनार के दाने (वैकल्पिक)
- सेव (गार्निश के लिए)
खट्टा मीठा पोहा बनाने का तरीका
खट्टा मीठा पोहा बेहद स्वादिष्ट होता है और इसे काफी पसंद किया जाता है। इसे तैयार करने के लिए सबसे पहले पोहा को छलनी में डालकर हल्के पानी से धो लें। ध्यान रखें कि उसे ज्यादा देर तक पानी में भिगोकर न रखें, वरना वह चिपचिपा हो जाएगा। धोने के बाद 5 मिनट के लिए उसे अलग रख दें ताकि वह हल्का नरम हो जाए।
अब एक कड़ाही में मध्यम आंच पर तेल गरम करें। तेल गरम होने पर राई डालें। राई चटकने लगे तो जीरा और करी पत्ता डालें। इसके बाद कटा हुआ प्याज और हरी मिर्च डालकर हल्का गुलाबी होने तक भूनें। अब इसमें मूंगफली डालें और 1-2 मिनट तक चलाएं ताकि हल्का क्रंच बना रहे।
अब हल्दी, नमक और चीनी डालें। चीनी डालने से पोहा में हल्की मिठास आएगी जो रेस्टोरेंट स्टाइल स्वाद की पहचान है। इसके बाद भीगा हुआ पोहा कड़ाही में डालें और हल्के हाथों से मिलाएं।
2-3 मिनट तक धीमी आंच पर पकाएं। गैस बंद करने से ठीक पहले नींबू का रस डालें और अच्छी तरह मिलाएं। यही नींबू और चीनी का बैलेंस पोहा को खट्टा-मीठा परफेक्ट फ्लेवर देता है। तैयार पोहा को सर्विंग प्लेट में निकालें। ऊपर से हरा धनिया, अनार के दाने और सेव डालकर सजाएं।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।











