Logo
Turmeric Powder: आजकल मार्केट में मिलावटी हल्दी धड़ल्ले से बिकने लगी है। ऐसे में इसकी शुद्धता बरकरार रखने के लिए कच्ची हल्दी से घर पर पाउडर तैयार कर सकते हैं।

Turmeric Powder: रसोई की शान और सेहत की पहचान हल्दी भारतीय खानपान का अहम हिस्सा है। लेकिन आजकल बाजार में मिलावटी हल्दी मिलने की खबरें लोगों की चिंता बढ़ा रही हैं। कहीं इसमें रंग मिलाया जाता है तो कहीं स्टार्च या सस्ता पाउडर मिलाकर वजन बढ़ाया जाता है। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर शुद्ध हल्दी कैसे मिले?

अगर आप भी मिलावट से परेशान हैं, तो इसका आसान और भरोसेमंद हल आपके अपने घर में ही मौजूद है। कच्ची हल्दी (फ्रेश टरमेरिक रूट) से घर पर ही शुद्ध हल्दी पाउडर तैयार किया जा सकता है। इससे न सिर्फ मिलावट का डर खत्म होगा, बल्कि आपको ज्यादा सुगंधित और गुणों से भरपूर हल्दी मिलेगी।

मिलावटी हल्दी है खतरनाक

विशेषज्ञों के अनुसार हल्दी में आर्टिफिशियल येलो डाई, मेटानिल येलो या चॉक पाउडर जैसी मिलावट की शिकायतें सामने आती रही हैं। यह सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकती हैं। खासतौर पर बच्चों और बुजुर्गों के लिए मिलावटी मसाले जोखिम बढ़ा सकते हैं।

कच्ची हल्दी से पाउडर बनाने की आसान विधि

अच्छी गुणवत्ता की कच्ची हल्दी चुनें
सबसे पहले बाजार से ताजी, सख्त और दाग-धब्बे रहित कच्ची हल्दी लें। कोशिश करें कि ऑर्गेनिक हल्दी मिले।

अच्छी तरह धोकर साफ करें
हल्दी की गांठों को बहते पानी में अच्छी तरह धो लें ताकि मिट्टी पूरी तरह निकल जाए। चाहें तो हल्के ब्रश से रगड़कर साफ कर सकते हैं।

उबालना (वैकल्पिक लेकिन फायदेमंद)
कई लोग हल्दी को 30-45 मिनट तक हल्का उबालते हैं। इससे कच्चापन कम होता है और पाउडर का रंग व स्वाद बेहतर आता है। उबालने के बाद हल्दी को पूरी तरह ठंडा कर लें।

पतले टुकड़ों में काटकर सुखाएं
हल्दी को पतले स्लाइस में काट लें। अब इन्हें धूप में 10-15 दिन तक अच्छी तरह सुखाएं। ध्यान रखें कि नमी बिल्कुल न रहे, वरना पाउडर खराब हो सकता है।

पीसकर छान लें
पूरी तरह सूखने के बाद मिक्सर-ग्राइंडर या मसाला चक्की में बारीक पीस लें। फिर छलनी से छानकर एयरटाइट डिब्बे में भरकर रखें।

घर की हल्दी क्यों है बेहतर?

घर पर तैयार हल्दी पाउडर में मिलावट की कोई संभावना नहीं रहती। इसमें प्राकृतिक खुशबू और करक्यूमिन की मात्रा बेहतर बनी रहती है। यह इम्युनिटी बढ़ाने, सूजन कम करने और घाव भरने में मददगार मानी जाती है।

स्टोरेज के दौरान रखें ये सावधानियां

हल्दी पाउडर को हमेशा सूखी और ठंडी जगह पर रखें। नमी से दूर रखें और गीले चम्मच का इस्तेमाल न करें। सही तरीके से स्टोर की गई हल्दी 6-8 महीने तक सुरक्षित रह सकती है।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।

(लेखक:कीर्ति)

5379487