Logo
Besan Chilla Recipe: बेसन चीला एक पारंपरिक नाश्ता है, जिसे खूब पसंद किया जाता है। आइए जानते हैं इसे बनाने का एकदम आसान तरीका।

Besan Chilla Recipe: बेसन चीला एक परफेक्ट ब्रेकफास्ट है और इसे काफी पसंद किया जाता है। जब कभी बोरियत हो और कुछ बनाने का मन न हो, लेकिन टेस्टी खाना हो तो बेसन का चीला इस मुराद को पूरी कर देता है। मिनटों में तैयार होने वाला बेसन का चीला एक ऐसी डिश है जिसे बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी पसंद करते हैं। चीला रेसिपी को हर कोई बड़े चाव से खाता है। 

बेसन का चीला खाने में जितना स्वादिष्ट लगता है, इसे बनाना भी उतना ही सरल है। कई लोगों की शिकायत रहती है कि उनका बनाया चीला टूट जाता है। आज हम आपको बेसन चीला बनाने की एकदम सरल विधि बताएंगे, जिससे आप आसानी से परफेक्ट बेसन चीला तैयार कर सकते हैं। 

बेसन चीला बनाने के लिए सामग्री
बेसन - 1 कप
प्याज बारीक कटी - 1
टमाटर बारीक कटा - 1
हरी मिर्च कटी - 2
हरा धनिया कटा - 2 टेबलस्पून
अदरक कटा - 1 इंच टुकड़ा
अजवाइन - 1/2 टी स्पून
सौंफ - 1/4 टी स्पून
तेल - जरूरत के मुताबिक
नमक - स्वादानुसार

बेसन चीला बनाने की विधि
बेसन का चीला बनाना बहुत सरल है और इसे मिनटों में तैयार किया जा सकता है। बेसन चीला बनाने के लिए एक बड़ा कटोरा लें और उसमें बेसन डाल दें। इसमें अजवाइन, सौंफ और स्वादानुसार नमक डाल दें। अब थोड़ा-थोड़ा करते हुए लगभग आधा कप पानी डालें और बेसन का घोल तैयार कर लें। स्मूद बैटर तैयार करने के लिए व्हिस्क की मदद ले सकते हैं। 

इसे भी पढ़ें: How to Make Sattu: गर्मी में बॉडी को एनर्जी से भर देता है चने का सत्तू, घर पर इस तरीके से कर सकते हैं तैयार

बेसन का घोल तैयार होने के बाद उसे 30 मिनट के लिए अलग रख दें। इतने वक्त में बेसन पानी को अच्छी तरह से सोख लेगा। तय समय के बाद बेसन घोल को लेकर एक बार और फेंटे और उसमें बारीक कटी प्याज, टमाटर, हरी मिर्च, हरा धनिया और अदरक का टुकड़ा डालकर मिलाएं। 

अब एक नॉनस्टिक तवा मीडियम आंच पर गर्म करने के लिए रख दें। तवा गर्म होने पर उस पर एक चम्मच तेल डालकर चारों ओर फैला दें। इसके बाद एक कटोरी में बेसन का घोल लें और उसे तवे के बीच में डालकर गोल-गोल करते हुए फैलाएं। ध्यान रखें कि बैटर बहती स्थिरता वाला होना चाहिए। 

इसे भी पढ़ें: Garlic Chutney: राजस्थानी स्टाइल लहुसन की चटनी बनाएं, खाने का बढ़ा देगी स्वाद, 10 मिनट में होगी तैयार

चीले को कुछ देर तक सिकने दें और उसके किनारों पर चम्मच से थोड़ा सा तेल डाल दें। अब करछी की मदद से चीले को धीरे से पलटाएं और दूसरी तरफ से सिकने दें। इसके बाद चीले के ऊपर तेल लगा दें और सेकें। चीला तब तक सेंके जब तक कि दोनों ओर से सुनहरा होकर क्रिस्पी न हो जाए। इसके बाद प्लेट में उतार लें। 

इसी तरह से सारे घोल से एक-एक करते हुए बेसन चीला तैयार कर लें। ब्रेकफास्ट के लिए स्वाद से भरपूर बेसन चीला बनकर तैयार है। इसे हरी चटनी के साथ सर्व किया जा सकता है। 

5379487