गर्मी में क्या है बेहतर: गन्ने का रस या नारियल पानी? जानिए सेहत के लिए किसे चुनना है सही

Coconut Water vs Sugarcane Juice: गर्मियों में शरीर को ठंडक और ताजगी देने वाले ड्रिंक्स की डिमांड बढ़ जाती है। ऐसे में दो सबसे पॉपुलर देसी विकल्प हैं- गन्ने का रस और नारियल पानी। दोनों ही सेहत के लिए बेहद फायदेमंद माने जाते हैं, लेकिन सवाल यह है कि गर्मी में कौन-सा विकल्प ज्यादा बेहतर है? आइए जानते हैं दोनों के फायदों को और समझते हैं कि किसे कब चुनना चाहिए।
गन्ने का रस एक प्राकृतिक एनर्जी ड्रिंक है, जो शरीर को तुरंत ऊर्जा देता है। इसमें मौजूद एंटीऑक्सिडेंट्स शरीर से विषैले तत्वों को बाहर निकालने में मदद करते हैं। यह लिवर को डिटॉक्स करता है और उसे हेल्दी बनाए रखने में सहायक है। गर्मियों में इसके सेवन से हीट स्ट्रोक से बचाव होता है। इसके अलावा, यह त्वचा को ग्लोइंग बनाता है और शरीर को हाइड्रेट रखता है।
नारियल पानी पीने के फायदे
नारियल पानी में भरपूर मात्रा में इलेक्ट्रोलाइट्स होते हैं जो शरीर को डिहाइड्रेशन से बचाते हैं। यह पाचन तंत्र को बेहतर बनाता है और एसिडिटी को कम करता है। अगर इसे सुबह खाली पेट पिया जाए तो यह वजन घटाने में भी मदद कर सकता है क्योंकि इसमें कैलोरी कम होती है। साथ ही, यह ब्लड प्रेशर को भी कंट्रोल में रखने में सहायक है।
तो गर्मियों में क्या पिएं?
अगर आपको तुरंत ऊर्जा की जरूरत है, तो गन्ने का रस एक बेहतरीन विकल्प है। लेकिन अगर आपको शरीर को हाइड्रेट रखना है और हल्का महसूस करना है, तो नारियल पानी ज्यादा फायदेमंद रहेगा। डायबिटीज के मरीजों के लिए नारियल पानी एक सुरक्षित विकल्प है, क्योंकि गन्ने के रस में शुगर की मात्रा अधिक होती है।
(प्रियंका)