घर बैठे मिनटों में ऐसे बनाए परफेक्ट लच्छेदार पराठा
लच्छा पराठा भारत के रेस्टोरेंट्स से लेकर पारिवारिक आयोजनों तक अक्सर मेनू में शामिल रहता है

लच्छा पराठा भारत के रेस्टोरेंट्स से लेकर पारिवारिक आयोजनों तक अक्सर मेनू में शामिल रहता है। इसका नाम 'लच्छा पराठा' इसलिए पड़ा क्योंकि यह कई परतों में बना होता हैं। लच्छा पराठा मूलतः पंजाबी व्यंजन है। इसे गेहूं के आटे से बनाया जाता है और तंदूर या तवा दोनों पर सेका जा सकता है।
बनाने कि विधि
-
लच्छा पराठा बनाने के लिए, एक बर्तन में 2 कप गेहूं का आटा लें, उसमें घी और नमक डालें। फिर धीरे-धीरे पानी मिलाते हुए थोड़ा कड़ा आटा गूंथ लें। गूंथे आटे को 10 मिनट के लिए ढककर रख दें।
-
गूंथे आटे से तीन पराठे बनाने के लिए उसे तीन बराबर हिस्सों में बांट लें और हर हिस्से को बॉल की तरह गोल कर लें। एक पराठा बनाने के लिए, एक गोल हिस्से को गेहूं के सूखे आटे में लपेटकर चपटा कर लें।
-
चकले पर इसे रखकर बेलन की मदद से मोटी रोटी बेल लें। अब इस रोटी पर लगभग एक टीस्पून घी डालकर ऊंगली की मदद से अच्छे से पूरी रोटी पर फैला लें। अब चाक़ू से रोटी की मीडियम साइज की पट्टियां काट लें।
-
इन्हीं पट्टियों से लच्छा पराठा में लच्छे मतलब परतें आयेगीं। पट्टियों को एक के ऊपर एक रखकर बंडल / ढेर बना लें। ढेर को एक सिरे से मोड़ते हुए इसका गोला बना लें। रोटी की पट्टियों का गोला तैयार है।
-
पट्टियों के गोले पर थोड़ा सा गेहूं का सूखा आटा लगाकर, चकला बेलन की मदद से मोटा पराठा बेल लें। पराठा सेकने के लिए पहले तवे को तेज आंच पर अच्छे से गरम कर लें। तवा गरम होने के बाद आंच को मध्यम कर दें। अब तवे पर पराठा डाल दें।
-
जब पराठा एक तरफ से थोड़ा सिक जाए तब इसे पलट दें और दूसरी तरफ से भी थोड़ा सिकने दें मतलब थोड़े भूरे दाने आने दें। अब पराठे के ऊपर घी डालें और दोनों तरफ से पलट-पलटकर करछी या बड़े चम्मच से दबाते हुए इसे कुरकुरा होने तक मध्यम आंच पर सेकें। लच्छा पराठा खाने के लिए तैयार है। इसे गरमा-गरम परोसें।
और पढ़े: Haryana News | Chhattisgarh News | MP News | Aaj Ka Rashifal | Jokes | Haryana Video News | Haryana News App