Logo
ट्राइडेंट ग्रुप ने विकसित भारत मिशन के तहत 3,000 से अधिक कर्मयोगियों की भर्ती का ऐलान किया है। अनुभवी उम्मीदवारों को 50,000 रुपये तक का वेतन और मुफ्त हॉस्टल जैसी सुविधाएं मिलेंगी।

Trident Group Recruitment 2026: देश के प्रमुख औद्योगिक घरानों में से एक ट्राइडेंट ग्रुप ने 'विकसित भारत मिशन' की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। कंपनी ने अपने मैन्युफैक्चरिंग ऑपरेशन्स के विस्तार के लिए 3,000 से अधिक पदों पर बंपर भर्ती की घोषणा की है। इस राष्ट्रव्यापी अभियान का उद्देश्य युवाओं को रोजगार प्रदान करने के साथ-साथ टेक्सटाइल सेक्टर में कौशल विकास को बढ़ावा देना है।

देशव्यापी भर्ती से रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
नई दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान ट्राइडेंट लिमिटेड ने अपने महत्वाकांक्षी भर्ती अभियान की जानकारी दी। कंपनी का लक्ष्य 3,000 से अधिक 'कर्मयोगियों' को नियुक्त करना है, जो भारत को ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने में अपना योगदान देंगे। ट्राइडेंट ग्रुप की ग्रुप सीएचआरओ (CHRO) पूजा बी. लूथरा ने इस अवसर पर कहा कि भारत की असली ताकत उसकी प्रतिभाएं हैं। यह भर्ती अभियान केवल कार्यबल बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समुदायों को मजबूत करने और राष्ट्रीय विकास के लक्ष्य को प्राप्त करने की एक कोशिश है।

इन पदों पर होगी नियुक्ति
इस विशेष पहल के तहत विभिन्न तकनीकी और ऑपरेशनल पदों के लिए आवेदन मांगे गए हैं। इनमें मुख्य रूप से ऑपरेटर, बुनकर (Weavers), सिलाईकर्मी, फिटर, इलेक्ट्रीशियन और अन्य टेक्निकल प्रोफेशनल्स शामिल हैं।

योग्यता
उम्मीदवारों का चयन उनकी शैक्षणिक योग्यता और संबंधित उद्योग में उनके पिछले अनुभव के आधार पर किया जाएगा। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान भविष्य के लिए तैयार एक मजबूत मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम बनाने की दिशा में बड़ी पहल है।

अनुभव के आधार पर आकर्षक सैलरी पैकेज
ट्राइडेंट ग्रुप ने हुनरमंद और अनुभवी प्रोफेशनल्स को आकर्षित करने के लिए एक विशेष वेतन ढांचा (Salary Structure) तैयार किया है। इसमें अनुभव के अनुसार अलग-अलग वेतन स्तर रखे गए हैं:

  • 2 से 3 वर्ष का अनुभव: 25,000 रुपये प्रति माह।
  • 3 से 5 वर्ष का अनुभव: 36,000 रुपये प्रति माह।
  • 5 से 7 वर्ष का अनुभव: 50,000 रुपये प्रति माह।

इसके अलावा, कर्मचारियों को उनके प्रदर्शन के आधार पर आकर्षक इंसेंटिव, बोनस और वेरिएबल पे जैसे वित्तीय लाभ भी दिए जाएंगे।

कर्मचारियों को मिलेंगी वर्ल्ड क्लास सुविधाएं
भर्ती किए गए कर्मयोगियों के कल्याण के लिए ट्राइडेंट ग्रुप ने कई महत्वपूर्ण सुविधाओं की घोषणा की है। कंपनी सभी कर्मचारियों को प्रोविडेंट फंड (PF) और ईएसआई (ESI) कवरेज के साथ-साथ मेडिकल सहायता प्रदान करेगी। सबसे खास बात यह है कि कर्मचारियों को रहने के लिए निःशुल्क छात्रावास (Hostel) और सब्सिडी वाला भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही, उनके सर्वांगीण विकास के लिए विशेष ट्रेनिंग प्रोग्राम, जिम और खेल सुविधाओं की व्यवस्था भी कैंपस के भीतर ही की गई है, ताकि उन्हें वित्तीय सुरक्षा के साथ एक बेहतर करियर मिल सके।

5379487