Logo
अभिनेत्री मीरा चोपड़ा ने एयरपोर्ट पर फ्लाइट छूटने के बाद एयर इंडिया पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि गेट बदलने की कोई सूचना नहीं दी गई और स्टाफ ने मदद करने के बजाय अभद्र व्यवहार किया।

Meerra Chopraa: ग्लोबल स्टार प्रियंका चोपड़ा की कज़िन अभिनेत्री मीरा चोपड़ा ने एयरपोर्ट पर अपने साथ बदसलूकी होने का आरोप लगाया है। उन्होंने एयर इंडिया (Air India) एयरलाइन सर्विसेस पर अपनी नाराज़गी जताई है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एयरलाइन के खिलाफ अपनी आपबीती साझा करते हुए आरोप लगाया कि एयरपोर्ट पर मौजूद होने के बावजूद वह अपनी फ्लाइट नहीं पकड़ सकीं और उन्हें स्टाफ की ओर से कोई ठोस मदद नहीं मिली।

‘गेट बदला, कोई सूचना नहीं दी’

16 फरवरी को मीरा ने एक्स पर लिखा कि वह समय से एयरपोर्ट पर थीं, लेकिन फ्लाइट का गेट बदल दिया गया और उन्हें इसकी कोई जानकारी नहीं दी गई। उनके मुताबिक न तो कॉल, न ईमेल और न ही कोई अन्य सूचना उन्हें मिली।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि नई फ्लाइट बुक करने के बाद भी एयरलाइन स्टाफ ने कोई सहायता नहीं की और उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। मीरा ने अपनी पोस्ट में इसे बेहद निराशाजनक अनुभव बताया और एयरलाइन के स्टाफ की कार्यशैली पर सवाल उठाए।

उन्होंने आगे लिखा- "मुझे कुछ भी नहीं भेजा गया। दरअसल, गेट पर मौजूद आपके कर्मचारियों ने मुझे यह बताने की ज़हमत तक नहीं उठाई कि गेट बदल दिया गया है, मैंने उनसे दो बार पूछा था। और आपका ग्राउंड स्टाफ बेहद गैर-पेशेवर और असभ्य था। मेरी नई फ्लाइट के बारे में मदद करने के बजाय, उन्होंने यही कहना बेहतर समझा कि "हमें खेद है, हम आपकी मदद नहीं कर सकते"। ऐसा कौन करता है?? क्या ग्राहक सेवा का कोई मतलब है?"

एयर इंडिया की सफाई

मीरा की शिकायत पर एयर इंडिया ने सोशल मीडिया के जरिए जवाब दिया। एयरलाइन ने कहा कि परिचालन कारणों से गेट बदला गया था और इसकी सूचना पंजीकृत संपर्क विवरण पर भेजी गई थी। साथ ही उन्होंने नई फ्लाइट को लेकर किसी भी अतिरिक्त सहायता की पेशकश भी की।

मीरा चोपड़ा का वर्क फ्रंट

वर्क फ्रंट की बात करें तो मीरा चोपड़ा हाल ही में फिल्म 'सफेद' में नजर आई थीं। इस फिल्म में उनके साथ बरखा बिष्ट, छाया कदम और जमील खान जैसे कलाकार थे। फिल्म का लेखन, निर्देशन और निर्माण संदीप सिंह ने किया था।
 

5379487