शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी की फिल्म ‘ओ’ रोमियो’ ने पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर मजबूत शुरुआत की है। विशाल भारद्वाज के निर्देशन में बनी इस रोमांटिक-एक्शन ड्रामा ने रिलीज के साथ ही दर्शकों का ध्यान खींचा और अच्छी कमाई दर्ज की।

O Romeo Box Office Collection day 1: विशाल भारद्वाज की फिल्म ‘ओ’ रोमियो’ (O' Romeo) ने पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर मजबूत शुरुआत की है। प्यार, वायलेंस और इमोशंस के मेल से सजी इस रोमांटिक-एक्शन ड्रामा को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला। शाहिद कपूर (Shahid Kapoor) और तृप्ति डिमरी (Triptii Dimri) स्टारर इस फिल्म ने रिलीज के पहले दिन भारत में करीब 8.25 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन दर्ज किया।

शाहिद की हालिया फिल्मों से बेहतर शुरुआत

‘ओ’ रोमियो’ ने शाहिद कपूर की पिछली फिल्मों के मुकाबले बेहतर ओपनिंग हासिल की है। इससे पहले उनकी फिल्म ‘देवा’ ने पहले दिन 5.50 करोड़ रुपये, ‘तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया’ ने 6.70 करोड़ रुपये और ‘जर्सी’ ने 3.2 करोड़ रुपये की कमाई की थी।

इस लिहाज से देखा जाए तो नई फिल्म ने उनके स्टारडम को एक बार फिर मजबूती से स्थापित किया है। हालांकि यह ओपनिंग किसी बड़ी ब्लॉकबस्टर जैसी नहीं है, लेकिन ट्रेंड बताता है कि दर्शकों में शाहिद और निर्देशक के प्रति भरोसा बरकरार है।

विशाल भारद्वाज का भावुक संदेश

फिल्म के निर्देशक विशाल भारद्वाज ने रिलीज से पहले सोशल मीडिया पर एक भावुक नोट साझा किया था। उन्होंने ‘ओ’ रोमियो’ को अपने दिल के बेहद करीब बताया और कहा कि इस फिल्म ने उन्हें अपने भीतर के “प्यार और हिंसा” दोनों को समझने का मौका दिया। भारद्वाज ने अपनी पूरी टीम और कलाकारों का आभार जताते हुए लिखा कि समीक्षकों और बॉक्स ऑफिस के फैसले से पहले ही उन्हें इस फिल्म पर गर्व है।

कैसा है रिव्यू

जहां दर्शकों का शुरुआती रुझान सकारात्मक दिख रहा है, वहीं समीक्षकों की राय थोड़ी बंटी हुई है। कुछ समीक्षाओं में फिल्म की लगभग तीन घंटे की लंबाई को कमजोर कड़ी बताया गया है। आलोचकों का कहना है कि कहानी में साहित्यिक गहराई तो है, लेकिन सिनेमा के लिहाज से इसे थोड़ा और कसावट की जरूरत थी। साथ ही, संगीत मधुर होने के बावजूद गानों की अधिक संख्या फिल्म की गति को धीमा करती है।

फिल्म में नाना पाटेकर, अविनाश तिवारी, विक्रांत मैसी और तमन्ना भाटिया जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। फिल्म का निर्माण नाडियाडवाला ग्रैंडसन एंटरटेनमेंट ने किया है।