Arijit Singh: भारतीय म्यूजिक इंडस्ट्री के सबसे लोकप्रिय गायकों में शुमार अरिजीत सिंह अपनी सुरीली आवाज और दिल को छू लेने वाले गानों के लिए खूब पसंद किए जाते हैं। हालांकि उन्होंने जब पिछले महीने प्लेबैक सिंगिंग से संन्यास लेने का ऐलान किया तो करोड़ों फैंस का दिल टूट गया। लेकिन संन्यास की घोषणा के बाद हाल ही में अरिजीत ने कोलकाता में लाइव परफॉर्मेंस देकर फिर अपने फैंस को खुश कर दिया।
संन्यास के बाद अरिजीत का लाइव परफॉर्मेंस
रविवार को कोलकाता में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान अरिजीत सिंह पहली बार मंच पर लाइव परफॉर्म करते नजर आए हैं। उन्होंने मशहूर संगीतकार और सितार वादक अनुष्का शंकर के साथ स्टेज साझा किया। इस लाइव परफॉर्मेंस के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिन्हें देखकर उनके फैंस बेहद खुश और भावुक नजर आ रहे हैं।
यह अरिजीत सिंह का प्लेबैक सिंगिंग से संन्यास के ऐलान के बाद पहला पब्लिक लाइव परफॉर्मेंस माना जा रहा है। वीडियो में अरिजीत को पूरे मन से गाते हुए देखा जा सकता है, और उनके चेहरे पर सुकून और खुशी साफ झलकती है।
फैंस हुए इमोशनल
अरिजीत और अनुष्का शंकर की इस जुगलबंदी को लेकर सोशल मीडिया पर फैंस जमकर प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। एक यूज़र ने लिखा कि जो कलाकार पूरी ईमानदारी से अपने जुनून का पालन करते हैं, वे मंच पर बेहद दिव्य नजर आते हैं। वहीं एक अन्य प्रशंसक ने कोलकाता में अरिजीत के अगले कॉन्सर्ट को लेकर अपनी इच्छा जाहिर की। कई फैंस ने इस पूरे परफॉर्मेंस का फुल वीडियो यूट्यूब पर जारी करने की भी मांग की है।
अरिजीत ने प्लेबैक सिंगिंग छोड़ी
पिछले महीने अरिजीत सिंह ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए यह जानकारी दी थी कि वह अब प्लेबैक सिंगर के तौर पर कोई नया काम नहीं लेंगे। उन्होंने अपने संदेश में श्रोताओं का धन्यवाद करते हुए कहा था कि यह सफर बेहद खूबसूरत रहा और अब वह इसे यहीं विराम देना चाहते हैं।
अरिजीत के नए गाने
अरिजीत सिंह का हाल ही में रिलीज हुआ आखिरी गाना फिल्म Echoes Of Us का ‘तेरे संग’ रहा, जिसे वैष्णवी शर्मा ने कंपोज किया है। इस गाने में फीमेल वोकल्स यूलिया वंतूर ने दिए हैं।
हालांकि अरिजीत ने नए प्रोजेक्ट्स से दूरी बनाने की बात कही है, लेकिन माना जा रहा है कि आने वाली कुछ फिल्मों में उनके रिकॉर्डेड गाने सुनने को मिलेंगे।