haribhoomi hindi news
Stock Market: शेयर बाजार में मंगलवार को जोरदार तेजी दर्ज की गई। सेंसेक्स 775 अंक और निफ्टी 24550 के पार पहुंच गया। तेल की कीमतों में नरमी और एशियाई बाजारों के पॉजिटिव संकेत से निवेशकों का भरोसा बढ़ा। बैंकिंग और रियल्टी शेयरों में खरीदारी जबकि IT सेक्टर में भी रिकवरी दिखी।

Stock Market: शेयर बाजार में मंगलवार को जोरदार तेजी देखने को मिली। दोपहर में एक समय सेंसेक्स 775 अंक यानी करीब 1% की बढ़त के साथ 79296 पर पहुंच गया था जबकि निफ्टी-50 202 अंक (0.83%) चढ़कर 24567 के स्तर पर कारोबार करता दिखा। बाजार में यह तेजी वैश्विक संकेतों और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी के चलते आई।

बाजार का दायरा भी मजबूत रहा। कुल 2442 शेयरों में तेजी रही जबकि 1418 शेयर गिरावट में रहे और 136 शेयर बिना बदलाव के बंद हुए। वहीं, बाजार की अस्थिरता का पैमाना इंडिया विक्स 6 फीसदी से ज्यादा गिरकर 17.62 पर आ गया, जो निवेशकों के भरोसे को दिखाता है।

तेल की कीमतों में गिरावट से राहत
सोमवार को तेज उछाल के बाद कच्चे तेल की कीमतों में नरमी आई। ब्रेंट क्रूड 94-95 डॉलर प्रति बैरल के आसपास आ गया। अमेरिका और ईरान के बीच संभावित बातचीत की उम्मीद से सप्लाई को लेकर चिंता कम हुई, जिससे बाजार को सपोर्ट मिला।

एशियाई बाजारों से मिला पॉजिटिव संकेत
एशियाई बाजारों में मजबूती ने भारतीय बाजार का मूड बेहतर किया। जापान और दक्षिण कोरिया समेत एशिया-पैसिफिक क्षेत्र के शेयरों में तेजी देखी गई, जिससे निवेशकों की जोखिम लेने की क्षमता बढ़ी।

बैंकिंग शेयरों ने संभाली कमान
आज की तेजी में बैंकिंग सेक्टर सबसे आगे रहा। आईसीसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक, एक्सिस बैंक और बजाज फिनसर्व जैसे शेयरों ने बाजार को ऊपर खींचा। निफ्टी बैंक इंडेक्स करीब 1.4% चढ़ा और प्राइवेट बैंकों में ज्यादा खरीदारी दिखी।

हर सेक्टर में खरीदारी, रियल्टी सबसे आगे
आज बाजार में लगभग सभी सेक्टरों में खरीदारी देखने को मिली। रियल्टी इंडेक्स करीब 2.8% चढ़ा, जबकि मेटल, ऑटो, इंफ्रास्ट्रक्चर और PSU बैंक शेयरों में भी तेजी रही। इससे साफ है कि बाजार में केवल बड़े शेयर ही नहीं, बल्कि व्यापक स्तर पर खरीदारी हो रही है।

आईटी शेयरों में वापसी
आईटी सेक्टर ने भी शुरुआती कमजोरी से उबरकर तेजी दिखाई। टीसीएस, विप्रो और एचसीएल टेक जैसे शेयर 1% से ज्यादा चढ़े। हालांकि, कुछ इंश्योरेंस शेयरों में कमजोरी बनी रही।

विशेषज्ञों का मानना है कि निफ्टी फिलहाल 24300 के ऊपर टिके रहने से बाजार में पॉजिटिव ट्रेंड बना हुआ है। आने वाले समय में 24450-24500 का स्तर रेजिस्टेंस और 24150-24200 सपोर्ट के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि, अमेरिका-ईरान संबंधों से जुड़ी खबरें बाजार की दिशा तय कर सकती हैं।

(प्रियंका कुमारी)

7