indian stock market: भारतीय शेयर बाजार में लगातार तीसरे दिन सेंसेक्स 700 अंक चढ़ा और निफ्टी 23800 के पार पहुंच गया। IT शेयरों में जोरदार खरीदारी से बाजार को सपोर्ट।

indian stock market: शेयर बाजार में लगातार तीसरे दिन तेजी देखने को मिली और निवेशकों के चेहरे पर राहत लौटी। बुधवार को सेंसेक्स 700 अंकों से ज्यादा उछल गया, जबकि निफ्टी-50 23800 के पार पहुंच गया। बाजार की इस तेजी के पीछे सबसे बड़ा हाथ आईटी शेयरों में जोरदार खरीदारी का रहा।

करीब 12 बजे बीएसई सेंसेक्स 790 अंक की बढ़त के साथ 76,863 के पार ट्रेड करता दिखा जबकि निफ्टी 230 अंकों की तेजी के साथ 23800 के पार पहुंच गया। बाजार का मूड पॉजिटिव रहा। करीब 2800 से ज्यादा शेयरों में तेजी आई और सिर्फ 700 के आसपास में गिरावट दर्ज हुई। 

IT सेक्टर बना स्टार
आज की रैली में आईटी शेयर सबसे आगे रहे। टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक्नोलॉजी और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेस में 3-4 फीसदी तक की तेजी आई। दरअसल, हालिया गिरावट के बाद इन शेयरों में वैल्यू बायिंग देखने को मिली। साथ ही, ब्रोकरेज CLSA ने AI से जुड़े खतरे की आशंकाओं को खारिज कर दिया, जिससे निवेशकों का भरोसा लौटा। निफ्टी IT इंडेक्स करीब 2.5% चढ़ा और छह दिन की गिरावट का सिलसिला टूट गया।

कच्चे तेल ने दिया सहारा
बाजार को कच्चे तेल की कीमतों से भी राहत मिली। ब्रेंट क्रूड करीब 101 डॉलर प्रति बैरल के आसपास रहा। अगर तेल 120 डॉलर के पार जाता, तो बाजार पर दबाव बढ़ सकता था, लेकिन फिलहाल ऐसा नहीं हुआ, जिससे सेंटीमेंट को सपोर्ट मिला।

ग्लोबल संकेत भी मजबूत
एशियाई बाजारों से भी अच्छे संकेत मिले। दक्षिण कोरिया का कोस्पी करीब 4% और जापान का निक्कई 2% से ज्यादा चढ़ा। अमेरिकी बाजार भी पहले से मजबूत बंद हुए थे, जिसका असर भारतीय बाजार पर दिखा।

लोअर लेवल पर खरीदारी
हाल की बड़ी गिरावट के बाद निवेशकों ने सस्ते दामों पर खरीदारी की। इसी वजह से इस हफ्ते अब तक सेंसेक्स-निफ्टी करीब 2% तक रिकवर कर चुके हैं। ऐसे मौके पर निवेशक मजबूत कंपनियों के शेयरों में पैसा लगाते हैं, जिससे बाजार को सपोर्ट मिलता है।

VIX में गिरावट, डर कम
वोलैटिलिटी इंडेक्स इंडिया विक्स करीब 5% गिरकर 18.84 पर आ गया। इसका मतलब है कि बाजार में घबराहट कम हो रही है और निवेशकों का भरोसा बढ़ रहा है। हालांकि, एक्सपर्ट्स अभी भी पूरी तरह निश्चिंत नहीं हैं। मिडिल ईस्ट तनाव पर नजर बनी हुई है। अगर कच्चा तेल 120-130 डॉलर तक जाता है, तो बाजार में फिर से गिरावट आ सकती है। कुल मिलाकर, बाजार में फिलहाल तेजी का माहौल है, लेकिन जोखिम अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है।

(प्रियंका कुमारी)