Logo
election banner
Eid Mubarak 2024: इस बार रमजान के दौरान स्विगी को शाम 5:30 बजे से 7 बजे के बीच यानी इफ्तारी के समय मिले ऑर्डर में 34 फीसदी उछाल नजर आया।

Eid Mubarak 2024: भारत समेत दुनिया के कई देशों में रमजान-ईद (ईद-उल-फित्र) सादगी और भाईचारे से साथ मनाई जा रही है। लोग एक दूसरे को ईद पर बधाई देकर अमन और सलामती की दुआएं कर रहे हैं। इस बार रमजान के महीने में लोगों के ऑनलाइन खाना ऑर्डर करने का एक खास ट्रेंड सामने आया है। फूड एग्रीगेटर प्लेटफॉर्म स्विगी (Swiggy) ने अपनी ताजा रिपोर्ट में सबसे ज्यादा ऑर्डर वाली डिश का खुलासा किया है। 

स्विगी रिपोर्ट के मुताबिक, रमजान 2024 के दौरान ऑनलाइन यूजर्स ने महीनेभर में सबसे ज्यादा बिरयानी ऑर्डर की, जो कि साल के बाकी महीनों के मुकाबले 15% अधिक हैं। यानी रमजान के दौरान बिरयानी ऑनलाइन यूजर्स की पहली पसंद रही। फूड एग्रीगेटर का यह आंकड़ा 12 मार्च से 8 अप्रैल 2024 के बीच का है।

बिरयानी ऑर्डर में कौन सा शहर अव्वल?
भारत के हर शहर में बिरयानी खाने वालों की कमी नहीं है, लेकिन तेलंगाना के हैदराबाद की बिरयानी का नाम सुनकर लोगों के मुंह में पानी आ जाता है। स्विगी ने रिपोर्ट में बताया है कि हैदराबाद शहर में बिरयानी के 10 लाख से ज्यादा प्लेट और हलीम की 5.3 लाख प्लेट का ऑर्डर मिला है। यह शहर देश में बिरयानी ऑर्डर के मामले में टॉप पर है। रमजान में इफ्तारी के लिए बिरयानी, हलीम और समोसा जैसे पारंपरिक डिजेश सबसे ज्यादा ऑर्डर हुईं। इससे बिरयानी की लोकप्रियता को चार चांद लग गए।

बिरयानी के ऑर्डर किस वक्त ज्यादा रहे?
बता दें कि इस बार रमजान के दौरान स्विगी को शाम 5:30 बजे से 7 बजे के बीच यानी इफ्तारी के समय मिले ऑर्डर में 34 फीसदी उछाल नजर आया। जबकि, देशभर में इफ्तारी के लिए ऑर्डर हुए टॉप फूड्स की लिस्ट में चिकन बिरयानी, मटन हलीम, समोसा, फालूदा और खीर आदि लजीज व्यंजन शामिल हैं।

देशभर में हलीम सबसे ज्यादा ऑर्डर हुआ
आम दिनों के मुकाबले रमजान के महीने में देश में लोकप्रिय व्यंजनों के ऑर्डर में बंपर ग्रोथ नजर आई। हलीम में 1454.88 फीसदी की वृद्धि हुई, फिरनी में 80.97 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। मालपुआ के ऑर्डर में 79.09 फीसदी उछाल आया। इसके अलावा फालूदा में 57.93 प्रतिशत और खजूर में 48.40 फीसदी की बढ़त देखी गई। साथ ही मुंबई, कोलकाता, लखनऊ, हैदराबाद, भोपाल और मेरठ जैसी सिटीज में इफ्तारी के लिए मालपुआ, खजूर और फिरनी समेत अन्य स्वीट डिजेश के ऑर्डर में शानदार ग्रोथ देखने को मिली है।

5379487