haribhoomi hindi news
Tesla Charging Station: कंपनी ने नवी मुंबई में नया चार्जिंग स्टेशन सेटअप कर ग्राहकों को फास्ट चार्जिंग सुविधा देनी की कोशिश की है। यह EV यूजर्स के लिए बड़ी राहत लेकर आया है।

Tesla Charging Station: अमेरिकी दिग्गज कंपनी टेस्ला ने भारत में अपने चार्जिंग नेटवर्क को मजबूत करते हुए नवी मुंबई के नेक्सस सीवुड्स मॉल में नया चार्जिंग स्टेशन शुरू किया है। यह कंपनी का देश में तेजी से बढ़ते EV इंफ्रास्ट्रक्चर की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। यह चार्जिंग सुविधा मॉल की B1 पार्किंग में स्थापित की गई है। यहां कुल 8 चार्जिंग पॉइंट उपलब्ध हैं, जिनमें 4 सुपरचार्जर और 4 डेस्टिनेशन चार्जर शामिल हैं। सुपरचार्जर 250kW तक की डीसी फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करते हैं, जबकि डेस्टिनेशन चार्जर 11kW एसी आउटपुट के साथ आते हैं। इससे यूजर्स अपनी जरूरत के अनुसार चार्जिंग विकल्प चुन सकते हैं।

फास्ट चार्जिंग का फायदा
कंपनी के मुताबिक, V4 सुपरचार्जर की मदद से Tesla Model Y को सिर्फ 15 मिनट में इतना चार्ज किया जा सकता है कि वह करीब 275 किलोमीटर तक चल सके। यह सुविधा लंबी दूरी की यात्रा को आसान बनाती है।

नेटवर्क का विस्तार
टेस्ला इंडिया इस प्रोजेक्ट के जरिए मॉल, हाईवे और फूड कोर्ट जैसी लोकेशंस पर चार्जिंग नेटवर्क बढ़ाने की योजना पर काम कर रही है। इससे पहले गुरुग्राम, दिल्ली और मुंबई में भी कंपनी अपने चार्जिंग स्टेशन स्थापित कर चुकी है। नवी मुंबई के इस नए स्टेशन के साथ भारत में Tesla के कुल 4 चार्जिंग स्टेशन हो गए हैं।

स्मार्ट ऐप सपोर्ट
टेस्ला की चार्जिंग सुविधा कंपनी के मोबाइल ऐप से जुड़ी हुई है। यूजर्स ऐप के जरिए नजदीकी स्टेशन खोज सकते हैं, स्लॉट की उपलब्धता देख सकते हैं और चार्जिंग पूरी होने पर नोटिफिकेशन भी प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही, पेमेंट भी सीधे ऐप के जरिए किया जा सकता है।

चार्जिंग की लागत
Tesla के 250kW सुपरचार्जर पर चार्जिंग की कीमत लगभग 24 रुपये प्रति यूनिट है। Model Y को फुल चार्ज करने में करीब 1,800 से 2,000 रुपये तक का खर्च आता है। वहीं, 11kW डेस्टिनेशन चार्जर की कीमत करीब 14 रुपये प्रति यूनिट रखी गई है।

पॉप-अप स्टोर की सुविधा
चार्जिंग स्टेशन के साथ मॉल में Tesla का पॉप-अप स्टोर भी शुरू किया गया है, जहां ग्राहक कंपनी की कारों को करीब से देख सकते हैं और उनकी टेक्नोलॉजी व फीचर्स के बारे में जानकारी ले सकते हैं।

(मंजू कुमारी)

7