होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया (HMSI) राजस्थान के टपूकड़ा प्लांट में तीसरी प्रोडक्शन लाइन शुरू कर रही है। इससे 2000 नौकरियां पैदा होंगी और उत्पादन क्षमता 20.1 लाख यूनिट तक पहुंच जाएगी।

Honda Expansion: होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया (HMSI) भारत में दोपहिया वाहनों की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए राजस्थान के अलवर जिले स्थित टपूकड़ा प्लांट का विस्तार कर रही है। कंपनी यहाँ तीसरी नई प्रोडक्शन लाइन स्थापित करेगी, जिसकी वार्षिक क्षमता 6,70,000 यूनिट होगी। इस विस्तार के साथ ही इस दूसरे प्लांट की कुल उत्पादन क्षमता बढ़कर सालाना 20.1 लाख यूनिट हो जाएगी।

2000 नए रोजगार के अवसर
इस नई पहल से राजस्थान के औद्योगिक क्षेत्र को बड़ी मजबूती मिलेगी। होंडा के इस विस्तार प्रोजेक्ट से क्षेत्र में 2,000 से अधिक लोगों के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे। यह कदम स्थानीय युवाओं के लिए तरक्की के नए रास्ते खोलेगा और क्षेत्र के ऑटोमोटिव इकोसिस्टम को और अधिक विकसित करेगा।

सीएम भजनलाल शर्मा ने की सराहना
राजस्थान के मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने इस निवेश का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि राजस्थान विश्वस्तरीय मैन्युफैक्चरिंग के लिए एक पसंदीदा गंतव्य बन रहा है। होंडा का यह विस्तार न केवल उत्पादन क्षमता बढ़ाएगा, बल्कि राज्य के आर्थिक विकास और नवाचार में भी महत्वपूर्ण योगदान देगा।

2028 तक शुरू होगी नई लाइन
टपूकड़ा में इस नई प्रोडक्शन लाइन को वर्ष 2028 तक पूरी तरह से संचालित करने की योजना है। इसके अलावा, कंपनी गुजरात के विठलापुर प्लांट में भी अपनी चौथी लाइन जोड़ रही है, जो 2027 तक शुरू हो जाएगी। फिलहाल HMSI भारत में चार प्लांट चलाती है, जिनकी कुल वार्षिक क्षमता 62.5 लाख यूनिट है।

भविष्य की तैयारी पर जोर
HMSI के प्रेसिडेंट एवं सीईओ त्सुत्सुमु ओटानी ने कहा कि भारत मोबिलिटी परिवर्तन के दौर में है और होंडा सुरक्षित व सुलभ मोबिलिटी के लिए प्रतिबद्ध है। टपूकड़ा में प्रोडक्शन इकोसिस्टम को मजबूत करना सप्लाई चेन को लचीला और भविष्य के लिए तैयार बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।