Car Tips: कार चलाते समय ब्रेक सिस्टम सबसे महत्वपूर्ण सुरक्षा फीचर्स में से एक होता है। बहुत से लोगों को लगता है कि कार के ब्रेक अचानक फेल हो जाते हैं, जबकि हकीकत यह है कि ब्रेक फेल होने से पहले गाड़ी कई तरह के संकेत देती है। अगर इन संकेतों को समय रहते पहचान लिया जाए तो बड़े हादसे से बचा जा सकता है। कार में आमतौर पर चारों पहियों में ब्रेक लगे होते हैं और ये मुख्य रूप से दो प्रकार के होते हैं – ड्रम ब्रेक और डिस्क ब्रेक। इनका सही तरीके से काम करना बेहद जरूरी है, इसलिए समय-समय पर इनकी जांच कराते रहना चाहिए।
ब्रेक फेल होने से पहले दिखने वाले संकेत
अगर ब्रेक लगाने पर कार एक तरफ खिंचने लगे या ब्रेक पैडल सामान्य से ज्यादा नीचे जाने लगे, तो यह किसी खराबी का संकेत हो सकता है। इसके अलावा ब्रेक लगाते समय चीं-चीं या रगड़ने जैसी आवाज आना भी ब्रेक पैड घिसने का संकेत हो सकता है। ऐसे में तुरंत मैकेनिक को दिखाना जरूरी है। ब्रेक ऑयल का स्तर भी नियमित रूप से जांचते रहना चाहिए। अगर ब्रेक ऑयल कम हो जाता है तो ब्रेक फेल होने का खतरा बढ़ सकता है।
ब्रेक फेल हो जाए तो क्या करें?
- अगर चलते समय आपको लगे कि कार के ब्रेक काम नहीं कर रहे हैं, तो सबसे पहले हैजर्ड लाइट्स ऑन करें और लगातार हॉर्न बजाएं ताकि आसपास के लोग सतर्क हो सकें। इसके बाद ब्रेक पैडल को बार-बार पंप करें। कई कारों में दो अलग-अलग ब्रेकिंग सिस्टम होते हैं, ऐसे में बार-बार पैडल दबाने से उनमें से कोई एक सिस्टम काम कर सकता है।
- अगर स्पीड कम है तो कार को धीरे-धीरे सड़क के किनारे ले जाएं और गाड़ी को न्यूट्रल गियर में कर दें। जरूरत पड़ने पर धीरे-धीरे हैंड ब्रेक (पार्किंग ब्रेक) का इस्तेमाल किया जा सकता है, लेकिन तेज स्पीड में इसे लगाने से बचना चाहिए।
इन चेतावनी संकेतों को न करें नजरअंदाज
ब्रेक लगाते समय स्क्रैच जैसी आवाज, ब्रेक पैडल या स्टीयरिंग में कंपन, ब्रेक के पास से जलने की गंध आना या डैशबोर्ड पर ब्रेक वार्निंग लाइट जलना – ये सभी संकेत बताते हैं कि ब्रेक सिस्टम में समस्या हो सकती है। ऐसे में तुरंत गाड़ी की जांच करवाना सबसे सुरक्षित ऑप्शन है।
(मंजू कुमारी)