BMW SUV: जर्मन लग्जरी कार निर्माता BMW 18 मार्च 2026 को अपनी नई इलेक्ट्रिक सेडान Neue Klasse i3 को ग्लोबली पेश करने जा रही है। यह कंपनी की नई Neue Klasse लाइनअप की दूसरी कार होगी। इससे पहले इस सीरीज की इलेक्ट्रिक SUV BMW iX3 सामने आ चुकी है। आने वाली i3 दरअसल मशहूर BMW 3 Series का पूरी तरह इलेक्ट्रिक वर्जन होगी। गौरतलब है कि “i3” नाम पहले एक छोटी इलेक्ट्रिक हैचबैक के लिए इस्तेमाल किया जाता था, जिसे 2022 में बंद कर दिया गया था।
दमदार बैटरी और लंबी रेंज
रिपोर्ट्स के अनुसार नई BMW i3 में करीब 108kWh का NMC बैटरी पैक दिया जा सकता है, जिसे डुअल-मोटर सेटअप के साथ पेश किया जाएगा। यही बैटरी सिस्टम iX3 में लगभग 569hp की पावर और 645Nm का टॉर्क जनरेट करता है। कंपनी के दावों के मुताबिक इसकी WLTP रेंज लगभग 805 किमी तक हो सकती है। सेडान बॉडी स्टाइल में एयर ड्रैग कम होने के कारण उम्मीद है कि i3 की रेंज SUV से भी ज्यादा हो सकती है।
सुपरफास्ट चार्जिंग टेक्नोलॉजी
नई i3 BMW की नई बैटरी आर्किटेक्चर पर आधारित होगी, जो 400kW तक DC फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करेगी। वहीं AC चार्जिंग की अधिकतम क्षमता 22kW होगी। इसके अलावा इसमें BMW का “Heart of Joy” कंट्रोल यूनिट दिया जाएगा, जो डायनेमिक परफॉर्मेंस से जुड़े कई सिस्टम को मिलीसेकंड में कंट्रोल करता है।
डिजाइन और लुक
नई i3 के डिजाइन की झलक 2023 में पेश किए गए BMW Vision Neue Klasse कॉन्सेप्ट में देखने को मिली थी। इसके फ्रंट में BMW की सिग्नेचर किडनी ग्रिल होगी, जिसे LED लाइटिंग के साथ नया लुक दिया गया है। पीछे की तरफ ट्रेपेजॉइडल टेललैंप और C-पिलर पर BMW का क्लासिक हॉफमिस्टर किंक डिजाइन बरकरार रहने की उम्मीद है।
मॉडर्न और हाई-टेक इंटीरियर
इंटीरियर की बात करें तो केबिन को काफी मिनिमल और मॉडर्न रखा जाएगा। इसमें विंडस्क्रीन के नीचे पूरी चौड़ाई में फैला पैनोरमिक डिस्प्ले और 17.9-इंच की बड़ी टचस्क्रीन मिल सकती है, जो BMW के नए OS X ऑपरेटिंग सिस्टम पर काम करेगी।
इन कारों से होगा मुकाबला
लॉन्च के बाद नई BMW i3 का मुकाबला ग्लोबल मार्केट में Tesla Model 3, Audi A4 e-tron और Mercedes-Benz C-Class EV जैसी प्रीमियम इलेक्ट्रिक सेडान से होने की उम्मीद है। BMW की यह नई EV कंपनी की इलेक्ट्रिक मोबिलिटी रणनीति में बड़ा कदम मानी जा रही है और आने वाले समय में Neue Klasse प्लेटफॉर्म पर कई नए मॉडल पेश किए जाएंगे।
(मंजू कुमारी)









