रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का भारत दौरा: 4 दिसंबर को आएंगे, एनुअल समिट में लेंगे हिस्सा; नई दिल्ली में PM मोदी से द्विपक्षीय वार्ता

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन 4-5 दिसंबर को भारत दौरे पर आएंगे। PM मोदी से मुलाकात, भारत-रूस वार्षिक सम्मेलन में भागीदारी और द्विपक्षीय रिश्तों पर अहम चर्चा होगी। पूरी जानकारी पढ़ें।

Updated On 2025-11-28 17:16:00 IST

Vladimir Putin India Visit

Vladimir Putin India Visit: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के भारत दौरे की तारीख तय हो गई है। भारत के विदेश मंत्रालय के अनुसार, पुतिन 4 और 5 दिसंबर 2025 को भारत के आधिकारिक दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे 23वें भारत-रूस वार्षिक सम्मेलन में हिस्सा लेंगे, जिसे दोनों देशों के बीच रणनीतिक रिश्तों को मजबूत करने का बेहद महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।

PM मोदी के निमंत्रण पर आ रहे पुतिन

विदेश मंत्रालय द्वारा जारी बयान के मुताबिक, रूस के राष्ट्रपति पुतिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आमंत्रण पर 4 दिसंबर को भारत पहुंचेंगे। उनकी आगमन पर भारत में उच्चस्तरीय स्वागत किया जाएगा।

इसके बाद पुतिन और प्रधानमंत्री मोदी के बीच विस्तृत वार्ता होगी, जिसमें दोनों देश रक्षा सहयोग, ऊर्जा साझेदारी, व्यापार विस्तार, तकनीकी सहयोग, क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दे जैसे अहम पहलुओं पर चर्चा करेंगे।

राष्ट्रपति मुर्मू करेंगी स्वागत, भोज का भी आयोजन

भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भी पुतिन से मुलाकात करेंगी। उनके सम्मान में विशेष भोज (State Banquet) का आयोजन भी किया जाएगा। यह भारत-रूस के पुराने और भरोसेमंद संबंधों को सम्मान देने का महत्वपूर्ण संकेत है।

क्यों है यह यात्रा खास?

विदेश मंत्रालय ने कहा है कि पुतिन का यह दौरा भारत-रूस संबंधों की व्यापक समीक्षा का अवसर देगा। साथ ही दोनों देश अपनी विशेष एवं विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी (Special & Privileged Strategic Partnership) को आगे बढ़ाने के लिए नई दिशा तय करेंगे।

इसके अलावा दोनों राष्ट्र क्षेत्रीय सुरक्षा, आर्थिक सहयोग, वैश्विक भू-राजनीतिक मुद्दों, और साझा हितों से जुड़े चुनौतियों पर चर्चा करेंगे। भारत और रूस के बीच दशकों से मजबूत सैन्य, ऊर्जा और कूटनीतिक रिश्ते रहे हैं, जिसे यह दौरा और भी मजबूती देगा।

Tags:    

Similar News