अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति को प्रोस्टेट कैंसर: जो बाइडेन की हड्डियों तक फैली बीमारी; जानिए क्या बोले डॉक्टर
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन को प्रोस्टेट कैंसर हो गया है। 82 साल के बाइडन की हड्डियों तक कैंसर फैल चुका है। पेशाब में दिक्कत होने पर बाइडेन ने डॉक्टर को दिखाया तो खतरनाक बीमारी का पता चला।
Joe Biden Cancer: अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन को प्रोस्टेट कैंसर हो गया है। 82 साल के बाइडन की हड्डियों तक कैंसर फैल चुका है। बाइडेन के ऑफिस ने रविवार(18 मई) को बयान जारी कर जानकारी दी। पेशाब में दिक्कत होने पर बाइडेन ने डॉक्टर को दिखाया। डॉक्टर ने जांच की तो खतरनाक बीमारी का पता चला। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा-मेलानिया और मैं उनकी (बाइडेन) की बीमारी के बारे में जानकर दुखी हैं। हम बाइडेन के जल्दी ठीक होने की कामना करते हैं।
कितनी खतरनाक है बीमारी
डॉक्टरों का कहना है कि बाइडन प्रोस्टेट कैंसर के 'आक्रामक रूप' से पीड़ित हैं। बीमारी उनकी हड्डियों तक फैल चुकी है। प्रोस्टेट नोड्यूल की खोज के बाद बाइडन के कई मेडिकल परीक्षण किए गए। परीक्षणों के दौरान ग्लीसन स्कोर 9 (ग्रेड ग्रुप 5) पाया गया। इससे बाइडन को उच्च श्रेणी का कैंसर होने की पुष्टि हुई। यह हड्डी में मेटास्टेसिस का संकेत देता है। उनका परिवार इलाज के तरीकों पर डॉक्टरों से परामर्श कर रहा है।
बाइडेन मजबूत इंसान हैं
अमेरिका की पूर्व उप-राष्ट्रपति कमला हैरिस ने कहा-डग और मैं बाइडेन की प्रोस्टेट बीमारी के बारे में जानकर दुखी हैं। जो एक मजबूत इंसान हैं और मुझे भरोसा है कि वे इस मुश्किल समय का सामना उसी हिम्मत और उम्मीद के साथ करेंगे, जो हमेशा उनके जीवन और नेतृत्व की पहचान रही है।
2020 में ट्रम्प को हराकर बने थे राष्ट्रपति
साल 2020 में डोनाल्ड ट्रम्प को हराकर बाइडेन अमेरिका के राष्ट्रपति बने थे। पिछले साल फिर से चुनाव लड़ना चाहते थे, लेकिन उम्र और मानसिक स्थिति पर सवाल उठने की वजह से बाइडेन ने राष्ट्रपति पद की रेस से हटने का फैसला किया था। बाइडेन ने तत्कालीन उप-राष्ट्रपति कमला हैरिस को समर्थन दिया था। बाइडेन से 3 साल छोटे ट्रम्प ने पिछले साल नवंबर में कमला हैरिस को हराकर दूसरी बार राष्ट्रपति चुनाव जीता था।
अमेरिका के सबसे बुजुर्ग राष्ट्रपति का रिकॉर्ड
जो बाइडेन ने अमेरिका के इतिहास में सबसे अधिक उम्र में राष्ट्रपति पद की शपथ लेकर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया था। शपथ ग्रहण के बाइडेन की उम्र 78 वर्ष और 220 दिन थी। डोनाल्ड ट्रम्प जब दोबारा राष्ट्रपति बने तब उनकी उम्र 78 वर्ष और 61 दिन थी। अमेरिकी संविधान के अनुसार, ट्रम्प तीसरी बार राष्ट्रपति पद की शपथ नहीं ले सकते। ऐसे में बाइडेन का यह उम्र संबंधी रिकॉर्ड आने वाले वर्षों तक सुरक्षित रहने की संभावना है।
जानिए क्या है प्रोस्टेट कैंसर
पुरुषों पर सबसे ज्यादा प्रोस्टेट कैंसर का खतरा रहता है। 50 की उम्र के बाद इसका खतरा बढ़ जाता है। पिछले कुछ वर्षों में कम उम्र के लोगों में भी इसका खतरा बढ़ता जा रहा है। प्रोस्टेट कैंसर भीतर ही भीतर बढ़ते हुए ब्लैडर, लिवर, फेफड़ों और पेट जैसे अंगों में भी फैल जाता है। खून के साथ कैंसर की कोशिकाएं हड्डियों तक पहुंच जाती हैं, जिससे हड्डियों में बेतहाशा दर्द रहने लगता है, वह टूटने लगती हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, सभी पुरुषों को इस गंभीर कैंसर के मामलों को लेकर अलर्ट रहना चाहिए।