प्रयागराज में बड़ी कार्रवाई: अतीक की बहू के 5 करोड़ के मकान पर चला बुलडोजर, ड्रोन से पूरे इलाके की निगरानी  

Prayagraj News: उत्तरप्रदेश के प्रयागराज में बड़ी कार्रवाई हुई। यूपी सरकार के बुलडोजर ने माफिया अतीक अहमद की बहू के पांच करोड़ के घर को ढहा दिया। पुलिस ने आसपास बैरिकेडिंग कर दी। ड्रोन से पूरे इलाके की निगरानी की गई।

Updated On 2024-06-20 17:58:00 IST
माफिया अतीक के भाई अशरफ की पत्नी के घर पर चला बुलडोजर।

Prayagraj News: योगी सरकार के बुलडोजर ने माफिया अतीक के भाई अशरफ की पत्नी फातिमा जैनब के पांच करोड़ के घर को गिरा दिया है। पुलिस और प्रशासन की टीम सुबह 11.30 बजे सल्लाहपुर इलाके में जैनब के घर पहुंची। 3 बुलडोजर से इमारत को गिराया गया। पुलिस ने आसपास बैरिकेडिंग कर दी। भीड़ को वहां से हटा दिया है। ड्रोन से पूरे इलाके की निगरानी की गई। 

जैनब के भाई का मकान भी गिराया 
पुलिस के मुताबिक, जैनब के मकान के बगल में 400 गज में उसके भाई जैद मास्टर का मकान बना था। दोनों ने वक्फ बोर्ड की संपत्ति पर कब्जा करके आलीशान घर बनाया था। यह जमीन 50 करोड़ रुपए की है। यूपी सरकार के बुलडोजर ने उसे भी तोड़ दिया है। मकान से सटे 600 वर्ग गज खाली प्लाट की बाउंड्री गेट गिराया गया। बता दें कि जैनब का मकान अतीक के घर से 3 किमी की दूरी पर बना हुआ है।

मकान की कीमत करीब पांच करोड़ 
2000 वर्ग गज में बने जैनब और उसके भाई जैद के आलीशान मकान की कीमत करीब पांच करोड़ बताई जा रही है। मकान के अगले हिस्से में दुकानें भी बनी हैं। इसका किराया अशरफ के ससुराल वालों को मिलता था। बता दें कि जैनब के मकान पर कार्रवाई के दौरान ड्रोन से एरिया की निगरानी की गई। 

अब तक 1800 करोड़ की संपत्ति कुर्क 
बता दें कि 26 फरवरी 2023 को प्रयागराज में वकील उमेश पाल की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्या के बाद से अशरफ की पत्नी जैनब फरार है। 15 अप्रैल को प्रयागराज में अशरफ और अतीक की हत्या की गई थी। तब से जैद मास्टर भी फरार था। अब तक अतीक अहमद, भाई अशरफ और गैंग की 1800 करोड़ की संपत्ति कुर्क की जा चुकी है। 13 मकान पर बुलडोजर चल चुका है।

Similar News