कोहरे का कहर: यमुना एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा- 7 बसें और 3 कारें टकराईं,13 की मौत; 100 से ज्यादा घायल

मथुरा के बलदेव थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस-वे पर घने कोहरे के कारण बड़ा सड़क हादसा हुआ। कई बसों और कारों की टक्कर के बाद आग लगने से 13 लोगों की मौत और 100 से अधिक घायल। राहत-बचाव जारी।

Updated On 2025-12-16 16:07:00 IST

यमुना एक्सप्रेस-वे पर आज सुबह विजिबिलिटी 50 मीटर से भी कम थी।

उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में यमुना एक्सप्रेसवे पर घने कोहरे के कारण मंगलवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हुआ। बलदेव थाना क्षेत्र के माइलस्टोन 127 पर आगरा से नोएडा की ओर जा रही करीब 7 बसें और 3 कारें आपस में टकरा गईं।

टक्कर के बाद कई वाहनों में आग लग गई, जिससे अब तक 13 लोगों की जलकर मौत की पुष्टि हुई है। इनमें एक भाजपा नेता भी शामिल बताया जा रहा है। करीब 100 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से कई की हालत गंभीर है।

मौत का आंकड़ा बढ़ सकता है, क्योंकि कुछ शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हैं और पुलिस ने शरीर के टुकड़ों को 17 पॉलिथीन बैग में भरकर ले जाया है। इनकी पहचान डीएनए टेस्ट से की जाएगी।

हादसा सुबह करीब 4:30 बजे हुआ। घने कोहरे में विजिबिलिटी बेहद कम थी, जिससे चालकों को आगे का कुछ दिखाई नहीं दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर की आवाज बम फटने जैसी थी। बसों में सवार कई यात्री सो रहे थे, जिन्हें भागने का मौका नहीं मिला। आसपास के लोग और राहगीर पहले पहुंचे और शीशे तोड़कर कुछ यात्रियों को निकाला, लेकिन आग तेजी से फैल गई। रेस्क्यू में देरी की भी शिकायतें आईं।

पुलिस, फायर ब्रिगेड और SDRF की टीमों ने करीब 50 जवानों की मदद से 6 घंटे के ऑपरेशन में राहत कार्य पूरा किया। हादसे से एक्सप्रेसवे पर 3 किमी लंबा जाम लग गया। घायलों को 11 एम्बुलेंस से मथुरा जिला अस्पताल, वृंदावन अस्पताल और गंभीर मामलों में आगरा रेफर किया गया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख जताया और मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की सहायता की घोषणा की। साथ ही, घायलों के उचित इलाज के निर्देश दिए। हादसे की मजिस्ट्रेट स्तर की जांच के आदेश दिए गए हैं, जिसका नेतृत्व ADM प्रशासन अमरेश करेंगे।

यमुना एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा: तस्वीरें और वीडियो 







 


 


 


विजिबिलिटी और कोहरे की चेतावनी पर सवाल

इस भीषण हादसे ने एक बार फिर एक्सप्रेस-वे पर कोहरे के दौरान सुरक्षा मानकों और गति सीमा के पालन पर सवाल खड़े कर दिए हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, एक्सप्रेस-वे पर आज सुबह विजिबिलिटी 50 मीटर से भी कम थी।

प्रशासन और मौसम विभाग की ओर से पहले ही घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई थी, लेकिन बावजूद इसके यह दुर्घटना हुई। आशंका है कि कुछ वाहनों की गति सीमा निर्धारित मानकों से अधिक रही होगी।

पुलिस ने घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है और लापरवाह वाहन चालकों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

एक्सप्रेस-वे पर यातायात प्रभावित और वैकल्पिक मार्ग

हादसे के कारण यमुना एक्सप्रेस-वे पर दिल्ली से आगरा और आगरा से दिल्ली दोनों ओर का यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। घटनास्थल पर वाहनों का लंबा जाम लग गया है, जिसे साफ करने का कार्य जेसीबी मशीनों की मदद से चल रहा है।

पुलिस ने यात्रियों को वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी है और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने में कई घंटे लग सकते हैं। यात्रियों को इस रूट पर यात्रा करने से पहले यातायात की स्थिति की पुष्टि करने की सलाह दी गई है।

Tags:    

Similar News