राजस्थान में ठिठुरन बढ़ी: फतेहपुर में तापमान 3.7° तक पहुँचा, IMD ने जारी किया कोल्ड-वेव का अलर्ट

शेखावाटी क्षेत्र में भी हल्की कोल्ड-वेव का असर देखने को मिला। वहीं जयपुर, चित्तौड़गढ़, झुंझुनूं सहित कई शहरों में भी तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

Updated On 2025-12-10 08:52:00 IST

राजस्थान में बढ़ी कड़ाके की सर्दी

राजस्थान में कड़ाके की सर्दी लगातार बढ़ती जा रही है। राज्य के 18 से ज्यादा शहरों में न्यूनतम तापमान सिंगल डिजिट में पहुंच गया है। सीकर, फतेहपुर, नागौर और माउंट आबू जैसे कई इलाकों में पिछले 24 घंटों में तापमान में 1 से 2 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है।

सबसे ज्यादा ठंड फतेहपुर में रही जहां न्यूनतम तापमान 3.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। मौसम विभाग के अनुसार 12 दिसंबर से राहत मिलने की संभावना है। उत्तर भारत में एक्टिव होने वाले पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तरी हवाएं कमजोर होंगी और कुछ हिस्सों में बादल भी छा सकते हैं। इससे तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी संभव है।

सभी प्रमुख शहरों में पारा लुढ़का

राजस्थान के कई हिस्सों में मंगलवार सुबह और शाम तेज ठंड महसूस की गई।

कुछ प्रमुख शहरों का तापमान इस प्रकार रहा

माउंट आबू: 4°C

लूणकरणसर: 4.9°C

नागौर: 4.3°C

चूरू: 6.3°C

करौली: 5.9°C

दौसा: 5.3°C

सीकर: 6.2°C

सिरोही: 7.3°C

शेखावाटी क्षेत्र में भी हल्की कोल्ड-वेव का असर देखने को मिला। वहीं जयपुर, चित्तौड़गढ़, झुंझुनूं सहित कई शहरों में भी तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

दिन में निकली तेज धूप, बढ़ा अधिकतम तापमान

आसमान साफ रहने और ऊंचाई पर हवाओं के असर से सुबह सूरज निकलते ही तेज धूप दिखने लगी। मंगलवार को बाड़मेर, बीकानेर, चूरू और गंगानगर में अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री की बढ़ोतरी हुई। बाड़मेर में दिन का अधिकतम तापमान 33.4°C रहा, जो राज्य में सबसे ज्यादा था।

Tags:    

Similar News