PNB Scam: आरोपी मेहुल चोकसी की आर्थर रोड जेल में जिंदगी कैसी होगी? जानिए सुविधाएं और सख्त सुरक्षा व्यवस्था
PNB घोटाले के आरोपी मेहुल चोकसी को प्रत्यर्पण के बाद मुंबई की आर्थर रोड जेल की बैरक नंबर 12 में रखा जाएगा। जानें वहां की सुविधाएं, सुरक्षा, खानपान और मेडिकल देखभाल का पूरा विवरण।
मुंबई: पंजाब नेशनल बैंक (PNB) घोटाले के आरोपी भगोड़े व्यवसायी मेहुल चोकसी के प्रत्यर्पण को लेकर भारत सरकार ने बेल्जियम के अधिकारियों को आश्वासन दिया है कि उसे भारत लाए जाने पर मानवाधिकारों और हिरासत के अंतरराष्ट्रीय मानकों का पूरा ध्यान रखा जाएगा।
गृह मंत्रालय (MHA) ने चोकसी को मुंबई की आर्थर रोड जेल में रखने की योजना और वहां मिलने वाली सुविधाओं का विस्तृत ब्योरा दिया है। आइए जानते हैं कि चोकसी की जेल में जिंदगी कैसी होगी?
आर्थर रोड जेल में चोकसी की हिरासत
चोकसी को आर्थर रोड जेल की बैरक नंबर 12 में रखा जाएगा, जो विशेष रूप से आर्थिक अपराधियों के लिए बनाई गई है। यह बैरक वर्तमान में खाली है और इसमें अधिकतम 6 कैदी रह सकते हैं। प्रत्येक कैदी को कम से कम 3 वर्ग मीटर का निजी स्थान मिलेगा, जो अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप है।
सुविधाएं
सोने की व्यवस्था: मोटी सूती चटाई, तकिया, चादर और कंबल। जरूरत पड़ने पर चिकित्सकीय सलाह पर बिस्तर भी उपलब्ध होगा।
स्वच्छता: प्रत्येक सेल में खिड़कियां, पंखे, फ्लश शौचालय, वॉश बेसिन और शॉवर की सुविधा। पीने का पानी 24x7 उपलब्ध होगा।
साफ-सफाई: नियमित सफाई और कीट नियंत्रण।
खानपान
- दिन में तीन बार भोजन, जिसमें चिकित्सा या आहार संबंधी जरूरतों का ध्यान रखा जाएगा।
- जेल कैंटीन से फल और नाश्ता खरीदने की सुविधा।
- मनोरंजन और व्यायाम:रोजाना खुले आंगन में व्यायाम का मौका।
- बोर्ड गेम, योग, ध्यान और पुस्तकालय की सुविधा।
24x7 चिकित्सा देखभाल
- जेल में 20 बेड वाला अस्पताल और आईसीयू की सुविधा।
- 6 डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ, फार्मासिस्ट और लैब सहायकों की 24x7 उपलब्धता।
- मुंबई का सर जे.जे. अस्पताल (3 किमी दूर) गंभीर मामलों के लिए उपलब्ध।
- चोकसी की मौजूदा स्वास्थ्य स्थिति के आधार पर मुफ्त इलाज और थेरेपी का वादा।
सुरक्षा और निगरानी
- बैरक पर सीसीटीवी से 24 घंटे निगरानी।
- जेल कर्मचारियों की निरंतर तैनाती।
- भीड़भाड़, हिंसा या जबरन वसूली की कोई संभावना नहीं।
- चोकसी को अपने वकीलों से नियमित मुलाकात, साप्ताहिक पारिवारिक मुलाकात और टेलीफोन/वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की सुविधा।
प्रत्यर्पण की प्रक्रिया
- चोकसी को अप्रैल 2025 में बेल्जियम में गिरफ्तार किया गया था। वह पीएनबी के 13,400 करोड़ रुपए के घोटाले का मुख्य आरोपी है।
- भारत सरकार ने बेल्जियम की अदालतों को आश्वासन दिया है कि चोकसी की हिरासत यूरोपीय मानवाधिकार मानकों के अनुरूप होगी।
- बेल्जियम की अदालतें जल्द ही प्रत्यर्पण पर फैसला लेंगी, जिसमें भारत की ओर से दी गई गारंटियों की अहम भूमिका होगी।
क्यों है मामला महत्वपूर्ण?
मेहुल चोकसी पर भारतीय दंड संहिता और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कई गंभीर आरोप हैं। उसकी भारत वापसी न केवल इस बड़े वित्तीय घोटाले की जांच को आगे बढ़ाएगी, बल्कि यह भी दिखाएगी कि भारत भगोड़े अपराधियों को वापस लाने के लिए कितना गंभीर है।