महाराष्ट्र में कांग्रेस को बड़ा झटका: पूर्व CM अशोक चव्हाण ने दिया इस्तीफा; बोले- अब विकल्प तलाश रहा हूं

Ashok Chavan Resigns News: गांधी परिवार के करीबी कांग्रेस नेता अशोक चव्हाण ने विधानसभा स्पीकर राहुल नार्वेकर से आज सुबह मुलाकात करके उन्हें इस्तीफा सौंप दिया।

Updated On 2024-02-12 16:43:00 IST
Ashok Chavan Resigns

Maharashtra Ashok Chavan Resigns News: महाराष्ट्र में लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। गांधी परिवार के करीबी और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण ने विधायक पद और कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। सूत्रों के मुताबिक चव्हाण बीजेपी में शामिल हो सकते हैं।

क्यों छोड़ी कांग्रेस?
सूत्रों के अनुसार अशोक चव्हाण महाराष्ट्र कांग्रेस के अध्यक्ष नाना पटोले से नाराज थे। सूत्रों ने बताया कि उन्हें पार्टी ने लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए कहा था। हालांकि उन्होंने इससे इनकार कर दिया। अशोक चव्हाण के साथ तीन और कांग्रेस के नेता बीजेपी में शामिल होंगे। कांग्रेस के नगरसेवक भी हैं, जो बीजेपी में शामिल होंगे।

विकल्प तलाश रहा हूं- अशोक चव्हाण
इस्तीफे के बाद अशोक चव्हाण ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके बताया कि मैंने इस्तीफा दे दिया है। एक दो दिन में तय करूंगा कि आगे क्या करना है। मैंने जीवन भर कांग्रेस के लिए काम किया है, लेकिन अब विकल्प तलाश रहा हूं।

इसके बाद उन्होंने कहा कि मैंने फिलहाल किसी विशेष पार्टी में शामिल होने का फैसला नहीं किया है। उन्होंने कहा कि मेरी किसी (कांग्रेस विधायक या नेता) से बात नहीं हुई है।

एक्स पर बदला अपना बायो 
अशोक चव्हाण ने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने तुरंत बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपना बायो बदल दिया। पहले उनके बायो में सीडब्ल्यूसी सदस्य और कांग्रेस पार्टी का नाम था जिसे अब हटा लिया गया है।

10-12 विधायक जा सकते हैं चव्हाण के साथ 
अशोक चव्हाण के इस्तीफे के बाद से मीडिया रिपोर्ट के अनुसार कहा जा रहा है कि वह बीजेपी से राज्यसभा जा सकते हैं और उनके साथ 10 से 12 विधायक भी पाला बदल सकते हैं। 

"आगे-आगे देखिए होता है क्या''- डिप्टी सीएम देवेंद्र फड़णवीस

इसी बीच महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फड़णवीस ने कहा कि "दूसरे दलों के कई कद्दावर नेता बीजेपी में शामिल होना चाहते हैं। खासकर कांग्रेस के कई नेता वरिष्ठ नेता हमारे संपर्क में हैं। वे अपनी पार्टी में घुटन महसूस कर रहे हैं...कौन-कौन हमारे संपर्क में हैं जिसका खुलासा जल्द ही किया जाएगा। "आगे-आगे देखिए होता है क्या''

जानिए कौन है पूर्व सीएम अशोक चव्हाण
अशोक चव्हाण गांधी परिवार के करीबी माने जाते रहे है। साल 2008 से 2010 तक महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री भी रहे। उनके पिता शंकरराव चव्हाण भी महाराष्ट्र के सीएम रह चुके हैं। साथ ही चव्हाण 2015 से 2019 तक महाराष्ट्र कांग्रेस के अध्यक्ष भी थे। वर्ष 1999 से 2014 तक  3 बार विधायक रहे।

Similar News