Mumbai Weather: मुंबई में मूसलाधार बारिश से भारी तबाही; सड़कें जलमग्न, रेलवे ट्रैक डूबे; 2 की मौत
मुंबई में मूसलाधार बारिश से सड़कें और रेलवे ट्रैक जलमग्न, भूस्खलन से दो मौतें। IMD ने अगले कुछ घंटों के लिए रेड अलर्ट जारी किया। नवी मुंबई और उपनगरों में भारी जलभराव।
Mumbai Rainfall Update
Mumbai Rain Alert: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में शुक्रवार रात से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। शहर के कई इलाके और मोहल्ले जलमग्न हो गए हैं। रेलवे ट्रैक पर पानी भरने से दादर और बांद्रा स्टेशन प्रभावित हुए। वहीं, भूस्खलन की वजह से दो लोगों की मौत हो गई है।
मौसम विभाग का रेड अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले कुछ घंटों के दौरान मुंबई में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। बताया कि बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र के कारण आने वाले दिनों में भी बारिश जारी रहने की संभावना जताई गई है। मुंबई में आज दिन का अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और रात का न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
उपनगरों में रिकॉर्ड बारिश
मुंबई के पश्चिमी और पूर्वी उपनगरों में रात 1 बजे से सुबह 4 बजे के बीच तेज बारिश दर्ज की गई है। मरोल फायर स्टेशन के आसपास 207 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। जबकि, सांताक्रूज़ के नारियलवाड़ी स्कूल के पास 202 मिमी बारिश दर्ज की गई है।
जलभराव और ट्रैफिक जाम
नवी मुंबई, वाशी, किंग्स सर्कल और गांधी मार्केट पूरी तरह पानी में डूबे। अंधेरी और मिलान सबवे में भी पानी भर गया। SCLR ब्रिज के आसपास लोगों को अपनी गाड़ियाँ पानी में खींचते देखा गया।
बीएमसी की अपील
भारी बारिश और जलभराव को देखते हुए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने नागरिकों को चेतावनी दी है कि वे जब तक बहुत ज़रूरी न हो, तब तक घर से बाहर न निकलें।