महाराष्ट्र: पायलट ने शिंदे का विमान उड़ाने से किया इनकार, फिर ऐसे हुआ राजी; डिप्टी CM ने दिखाई इंसानियत

महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे की चार्टर्ड फ्लाइट को पायलट ने ड्यूटी टाइम खत्म होने के कारण उड़ाने से इनकार कर दिया। बाद में शिंदे ने एक बीमार महिला को इंसानियत दिखाते हुए अपनी फ्लाइट में बिठाकर मुंबई तक पहुंचाया।

Updated On 2025-06-07 18:27:00 IST

Eknath Shinde: महाराष्ट्र के डिप्टी मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे शुक्रवार को जलगांव के मुक्ताईनगर में संत मुक्ताई की पालकी यात्रा में शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम के बाद जब वे मुंबई लौटने के लिए एयरपोर्ट पहुंचे, तो वहां एक अप्रत्याशित घटना घटी।

डिप्टी सीएम के चार्टर्ड विमान के पायलट ने उड़ान भरने से इनकार कर दिया। पायलट ने इसकी वजह बताई। उसने कहा कि उसकी ड्यूटी का समय खत्म हो चुका है, इसलिए वो उड़ान नहीं भर सकता। इस वजह से शिंदे करीब एक घंटे तक एयरपोर्ट में फंसे रहे। इस बीच उन्होंने पायलट को समझाया, लेकिन वह उड़ान भरने के लिए राजी नहीं हुआ।

पायलट ने क्यों रोकी फ्लाइट?

डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) के नियमों के अनुसार कोई भी पायलट एक दिन में 8-9 घंटे से अधिक उड़ान नहीं भर सकता।

पायलट का ड्यूटी टाइम एयरपोर्ट पर रिपोर्ट करने के साथ ही शुरू हो जाता है और उसके रेस्ट टाइम तक चलता है। यदि तय समय पार हो जाए तो पायलट उड़ान नहीं भर सकता।

यह ड्यूटी टाइम कुछ स्थितियों में 13 घंटे तक भी हो सकता है, पर यह कई फैक्टर जैसे दिन/रात की शिफ्ट, फ्लाइट की संख्या और लंबाई आदि पर निर्भर करता है।

एयरलाइन और प्रशासनिक अधिकारियों ने पायलट को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नियमों के तहत उड़ान भरने से मना करता रहा। करीब एक घंटे की बातचीत और एयरलाइन कंपनी के हस्तक्षेप के बाद, पायलट उड़ान भरने के लिए तैयार हुआ।

बीमार महिला को दी चार्टर्ड फ्लाइट में जगह

जब एकनाथ शिंदे की फ्लाइट उड़ान भरने वाली थी, उसी समय एयरपोर्ट पर एक महिला शीतल बोर्डे, जो किडनी पेशेंट हैं, अपनी छूटी हुई फ्लाइट को लेकर परेशान घूम रही थीं। उन्होंने बताया कि उन्हें मुंबई में सर्जरी के लिए पहुंचना था, लेकिन फ्लाइट छूट गई।


यह बात शिंदे के कार्यकर्ताओं तक पहुंची। जब मंत्री गिरीश महाजन ने डिप्टी CM को स्थिति बताई, तो उन्होंने बिना देर किए महिला और उसके पति को अपने चार्टर्ड विमान में बैठा लिया।


फ्लाइट के दौरान शिंदे ने महिला से हालचाल पूछा और इलाज से जुड़ी जानकारी ली। मुंबई पहुंचने पर तुरंत एम्बुलेंस और सर्जरी की व्यवस्था कराई।

Tags:    

Similar News