Rewa Accident News: तेज रफ्तार ऑटो पैदल जा रही महिला को मारी टक्कर, हालत नाजुक; चालक फरार

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद ऑटो चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया

Updated On 2025-12-14 13:09:00 IST

रीवा शहर के एसएफ चौराहा क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ऑटो ने पैदल जा रही एक महिला को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे तत्काल शासकीय संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार महिला की हालत अभी नाजुक बनी हुई है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, खुशबू प्रजापति रविवार सुबह करीब 7 बजे एसएफ चौराहा से रानी तालाब की ओर पैदल जा रही थीं। वह अपने साथ केंडा लेकर चल रही थीं। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ऑटो ने अचानक उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि महिला सड़क पर गिर पड़ी और गंभीर रूप से घायल हो गई।

लोगों की तत्परता से पहुंचीं अस्पताल

हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए घायल महिला को संभाला और एम्बुलेंस बुलाकर उसे संजय गांधी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल सूत्रों का कहना है कि महिला को सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं और डॉक्टरों की टीम लगातार निगरानी कर रही है।

ऑटो चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद ऑटो चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है। पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

तेज रफ्तार वाहनों से बढ़ रही चिंता

स्थानीय लोगों का कहना है कि एसएफ चौराहा और आसपास के क्षेत्रों में तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है, जिससे पैदल चलने वालों को खासकर सुबह के समय भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर यातायात नियंत्रण, स्पीड ब्रेकर और पुलिस निगरानी बढ़ाने की मांग की है।

Tags:    

Similar News