कांग्रेस विधायक के विवादित बोल: अभय मिश्रा ने SP को कहा "अर्धनारीश्वर, वीडियो वायरल
कांग्रेस के न्याय सत्याग्रह आंदोलन के मंच से बोलते हुए विधायक मिश्रा ने एसपी को "अर्धनारीश्वर" (आधा महिला, आधा पुरुष) कहकर संबोधित किया।
Abhay Mishra statement
MP News: मध्य प्रदेश की राजनीति में इन दिनों रीवा जिला चर्चा का सबसे बड़ा केंद्र बना हुआ है। सेमरिया विधानसभा से कांग्रेस विधायक अभय मिश्रा ने रीवा के एसपी विवेक सिंह को लेकर ऐसा बयान दे दिया, जिसने पूरे प्रदेश की सियासत में हलचल मचा दी।
कांग्रेस के न्याय सत्याग्रह आंदोलन के मंच से बोलते हुए विधायक मिश्रा ने एसपी को "अर्धनारीश्वर" (आधा महिला, आधा पुरुष) कहकर संबोधित किया। उनका यह बयान सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गया और देखते ही देखते राजनीतिक बहस का मुद्दा बन गया।
कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल
विधायक ने सिर्फ विवादित शब्दों तक ही बात सीमित नहीं रखी, बल्कि एसपी पर गंभीर आरोप भी लगाए। उन्होंने कहा, रीवा में अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। शराब घर-घर बेची जा रही है, युवा नशे के शिकार हो रहे हैं। पुलिस अपराधियों को संरक्षण दे रही है। महीने के 25-50 लाख रुपए शराब के ठेकों से कमाए जा रहे हैं।
एसपी पर लगाए गंभीर आरोप
अभय मिश्रा ने यह भी आरोप लगाया कि एसपी का एकमात्र मकसद अपनी कुर्सी बचाना है और इसके लिए वे डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ला के “चरणों में वंदना” करते हैं, जबकि जिले की कानून-व्यवस्था बदहाल हो चुकी है।
यह बयान कांग्रेस के आंदोलन के बीच आया, जिसका मकसद भाजपा सरकार को "वोट चोरी" के आरोपों पर घेरना था। लेकिन अब खुद कांग्रेस विधायक का यह विवादित बयान पार्टी के लिए नई मुश्किलें खड़ी कर रहा है।
एसपी विवेक सिंह ने जताई नाराज़गी
वहीं, वायरल वीडियो पर हरिभूमि ने एसपी विवेक सिंह से फोन पर बात की। उन्होंने इस बयान की निंदा की और कहा- इस तरह का बयान शोभा नहीं देता है।