'भारत का विकास रोकने की कोशिश': US टैरिफ पर राजनाथ सिंह का तंज; डोनाल्ड ट्रंप पर साधा निशाना
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की टैरिफ नीति पर सवाल उठाए हैं। कहा, कुछ लोग भारत की तेज़ विकास से नाखुश हैं। भारतीय उत्पादों को महंगा कर रहे।
राजनाथ का ट्रंप पर तंज; कहा, कुछ लोग भारत की तरक्की से खुश नहीं
Rajnath Singh On donald Trump: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार (10 अगस्त 2025) को अमेरिकी राष्ट्रपति पर निशाना साधा। डोनाल्ड ट्रंप का नाम लिए बिना उन्होंने कहा, कुछ लोग भारत की विकास गति से नाखुश हैं। वह भारतीय उत्पादों को महंगा बनाने की साजिश कर रहे हैं। ताकि, हमारी प्रगति को धीमा किया जा सके, लेकिन ऐसा नहीं होने वाला।
राजनाथ सिंह ने कहा, खुद को सबका बॉस मानने वालों को भारत की तरक्की पसंद नहीं है। लेकिन उन्हें यह समझना होगा कि भारत का रक्षा निर्यात ₹24,000 करोड़ को पार कर चुका है, जो डिफेंस सेक्टर में हमारी आत्मनिर्भरता और वैश्विक प्रतिस्पर्धा को दर्शाता है।
राजनाथ सिंह के भाषण की प्रमुख बातें
- भारतीय अर्थव्यवस्था: रक्षामंत्री ने बताया कि भारत 6.5% की दर से प्रगति कर रहा है, जो दुनिया में सबसे तेज है।
- वैश्विक कल्याण: रक्षामंत्री ने कहा, भारत केवल अपने लिए नहीं, बल्कि संपूर्ण विश्व के कल्याण की बात करता है। लेकिन जो छेड़ेगा, उसे हम छोड़ेंगे नहीं।
- पहलगाम हमला: रक्षामंत्री ने कहा, पहलगाम में आतंकियों ने 26 निर्दोष लोगों की हत्या की थी। भारत ने दृढ़ता से इसका जवाब दिया।
- रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता: रक्षामंत्री ने कहा, भारत पहले रक्षा उपकरण आयात करता था, अब भारत में ही उत्पादन हो रहा है और बड़े पैमाने पर हम उन्हें निर्यात भी करते हैं।
मध्यप्रदेश की भूमिका
राजनाथ सिंह ने कहा कि आने वाले समय में मध्यप्रदेश न केवल अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए, बल्कि औद्योगिक और रक्षा उत्पादन के लिए भी जाना जाएगा। स्पीड ट्रेनों में MP में बने रेलवे कोच लगेंगे। इससे राज्य का औद्योगिक विकास नई ऊंचाइयों को छुएगा।
मध्यप्रदेश का औद्योगिक भविष्य
- मध्यप्रदेश रक्षा व औद्योगिक केंद्र बनने की क्षमता रखता है।
- रायसेन में रेल कोच निर्माण के साथ अन्य रेलवे उत्पाद भी बनेंगे।
- MP को 30 लाख करोड़ से अधिक का निवेश मिला है और 18,000 हेक्टेयर भूमि बैंक तैयार है।
- औद्योगिक विकास और पर्यावरण संरक्षण में संतुलन पर ज़ोर।
केन-बेतवा दुनिया का पहला नदी जोड़ो प्रोजेक्ट
मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव ने कहा, जब आपकी (रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह) और मोदी जी के आशीर्वाद से हमारी सरकार बनी तो हम हर क्षेत्रों में काम कर रहे हैं। अब केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना से बड़ा लाभ मिलने वाला है। यह दुनिया की पहली नदी जोड़ो योजना है, जिसमें रायसेन जिले, विदिशा जिले के किसानों को भी लाभ मिलेगा।