श्री महाकालेश्वर मंदिर: बिना परमिशन गर्भगृह में घुसकर युवक ने शिवलिंग को छुआ, 4 लोगों पर गिरी गाज

उज्जैन के बाबा महाकाल मंदिर में बड़ी घटना हो गई। सोमवार (20 जनवरी) को बिना अनुमति गर्भगृह में घुसकर युवक ने शिवलिंग को स्पर्श कर लिया। मंदिर प्रशासन ने निरीक्षक और नंदी हॉल प्रभारी को नोटिस जारी किया है।

Updated On 2025-01-20 13:16:00 IST
Baba Mahakal Temple

Baba Mahakal Temple: बाबा महाकाल के भक्तों के लिए बड़ी खबर है। मध्य प्रदेश की धर्मनगरी उज्जैन में सोमवार (20 जनवरी) को बड़ी घटना हो गई। श्री महाकालेश्वर मंदिर के गर्भगृह में बिना अनुमति घुसकर युवक ने शिवलिंग को स्पर्श कर लिया। युवक को देखकर मंदिर के कर्मचारी और पुजारी हड़बड़ा गए। युवक को पकड़कर महाकाल थाने भेजा है। मंदिर प्रशासन ने लापरवाही बरतने पर गर्भगृह निरीक्षक और नंदी हॉल प्रभारी को नोटिस जारी किया है। सुरक्षा में तैनात दो गार्ड्स को सेवा से हटाने के लिए पत्र लिखा है। 

युवक ने शिवलिंग को छूकर नमन किया 
जानकारी के मुताबिक, सोमवार को सुबह मंदिर में पूजा चल रही थी। 8.30 बजे एक युवक देहरी पर दर्शन करता हुआ सीधे गर्भगृह में पहुंच गया। युवक ने शिवलिंग को छूकर नमन किया। युवक को देखकर पुजारी हड़बड़ा गए। पुजारियों ने तुरंत युवक को पकड़ा। कर्मचारियों से कहकर बाहर निकलवा दिया।

इन्हें जारी हुआ नोटिस 
मंदिर प्रशासक अनुकूल जैन ने गर्भगृह निरीक्षक कमल जोशी और नंदी हॉल प्रभारी प्रहलाद भास्कर को लापरवाही बरतने पर नोटिस जारी किया है। क्रिस्टल कंपनी के गार्ड्स सोहन डाबी और अंकित को सेवा से बर्खास्त करने के लिए पत्र भी लिखा है। मंदिर प्रबंधन की शिकायत पर युवक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। युवक की पहचान अभी नहीं हो पाई है।

बाबा महाकालेश्वर का दिव्य शृंगार 
उज्जैन के विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर के कपाट सोमवार सुबह 4 बजे खोले गए। सबसे पहले भगवान महाकाल का जल से अभिषेक किया गया। इसके बाद दूध, दही, घी, शहद, फलों के रस से बने पंचामृत से अभिषेक पूजन किया। बाबा महाकाल के मस्तक पर रजत मुकुट अर्पित कर त्रिपुंड, त्रिशूल और रुद्राक्ष की माला से राजा स्वरूप में दिव्य श्रृंगार किया गया। महाकाल को भस्म चढ़ाई गई। भगवान महाकाल ने शेषनाग का रजत मुकुट, रजत की मुण्डमाल, रुद्राक्ष की माला के साथ सुगंधित पुष्प से बनी फूलों की माला धारण की। बाबा को फल और मिष्ठान का भोग लगाया गया।

Similar News