Republic Day 2024: दिल्ली में कर्तव्य पथ पर दिखेगी MP की झांकी, महिला फाइटर अवनी 'लड़ाकू विमान' के साथ करेंगी प्रदर्शन

मध्यप्रदेश की झांकी इस बार दिल्ली में 26 जनवरी को होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह में दिखाई देगी। झांकी में एमपी की समृद्धि, संस्कृति और महिला सशक्तिकरण का प्रदर्शन दिखाई देगी। मंगलवार को भोपाल में फुल ड्रेस रिहर्सल में MP की झांकी प्रदर्शित की गई।

Updated On 2024-01-23 21:58:00 IST
फाइल फोटो

भोपाल। दिल्ली में 26 जनवरी को होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह में इस बार मध्य प्रदेश की झांकी दिखाई देगी। झांकी में प्रदेश की समृद्धि, संस्कृति और महिला सशक्तिकरण का प्रदर्शन दिखाई देगा। मंगलवार को कर्तव्य पथ पर फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान मध्य प्रदेश की झांकी प्रदर्शित की गई। झांकी में सबसे आगे भारतीय वायुसेना की प्रथम महिला फाइटर पायलट रीवा की अवनी चतुर्वेदी मिग बाइसन लड़ाकू विमान के साथ दिखाई गई हैं। निचले हिस्से में गोंड चित्रकारी प्रदर्शित की गई है। 

मटके पर चित्रकारी का सजीव प्रदर्शन 
मध्य भाग में महिला कलाकार मटके पर चित्रकारी का सजीव प्रदर्शन कर रही हैं। चंदेरी के बादल महल गेट की पृष्ठभूमि में बुनकर महिलाएं चंदेरी, महेश्वरी और बाघ प्रिंट साड़ियों का विक्रय के लिए प्रदर्शन कर रही हैं। निचले हिस्से में पद्मश्री से सम्मानित दुर्गाबाई की गोंड भित्ति चित्रकारी और साथ में स्टोन कार्विंग करते हुए महिला कलाकार को दिखाया गया है। 

डिंडोरी की सुश्री लहरी बाई की प्रतिकृति प्रदर्शित की गई 
झांकी के पिछले भाग में "मिलेट वूमन ऑफ़ इंडिया" के बैनर के नीचे बांस टोकनियों में रखे विभिन्न प्रकार के श्री अन्न के साथ डिंडोरी जिले की सुश्री लहरी बाई की प्रतिकृति प्रदर्शित की गई है। इसके निचले हिस्से में विभिन्न श्रीअन्न से निर्मित भित्ति चित्र दिखाए गए हैं। 

गणतंत्र दिवस की फाइनल रिहर्सल आज
गणतंत्र दिवस को लेकर मध्यप्रदेश के अलग-अलग जिलों रिहर्सल चल रही है। विदिशा में 
24 जनवरी की सुबह 9 बजे से पुलिस परेड ग्राउंड पर फाइनल रिहर्सल होगी। कलेक्टर उमाशंकर भार्गव और पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला संयुक्त रूप से फायनल रिहर्सल का जायजा लेंगे। जिला स्तरीय मुख्य समारोह में शासकीय योजनाओं और विकास पर आधारित 15 विभागों द्वारा झांकियों का प्रदर्शन किया जाएगा।

Tags:    

Similar News