MP में मौसम ने बदली करवट: अगले 4 दिन रात का टेम्प्रेचर 3 डिग्री तक बढ़ने की संभावना, आज इन जिलों में कोहरे का असर

MP Weather Today: मध्य प्रदेश में मौसम ने करवट बदली है। मौसम विभाग के मुताबिक, एमपी में अगले 3-4 दिन तक रात का टेम्प्रेचर 2 से 3 डिग्री तक बढ़ सकता है।

Updated On 2024-12-20 09:34:00 IST
MP weather update

MP Weather Today: मध्य प्रदेश में मौसम ने करवट बदली है। हवा का रुख बदलने से न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हुई है। पारा बढ़ने से कड़ाके की ठंड से राहत मिली है। मौसम विभाग के मुताबिक, एमपी में अगले 3-4 दिन तक रात का टेम्प्रेचर 2 से 3 डिग्री तक बढ़ सकता है। ग्वालियर, चंबल और सागर संभाग में कोहरा रहेगा। इसके बाद फिर कड़ाके की ठंड का दौर शुरू होगा। शुक्रवार (20 दिसंबर) को ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना सहित 8 शहरों में कोहरे का असर रहेगा। दिन में धूप भी खिली रह सकती है।

इन शहरों में रात का पारा सबसे कम 
हिल स्टेशन पचमढ़ी में सबसे ज्यादा सर्दी पड़ रही है। पचमढ़ी में रात का टेम्प्रेचर 3.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शहडोल के कल्याणपुर में 3.7 डिग्री, मंडला में 4.5 डिग्री, उमरिया में 5.3 डिग्री तापमान रहा। भोपाल और ग्वालियर में 6.4 डिग्री पारा दर्ज किया गया। जबलपुर 5.2, उज्जैन 9.8 डिग्री और इंदौर में 11.8 डिग्री सेल्सियस रहा। उमरिया में 5.3 डिग्री, नौगांव में 5.4 डिग्री, राजगढ़ में 5.6 डिग्री और टीकमगढ़ में 6.7 डिग्री पारा रिकॉर्ड हुआ। रीवा, रायसेन, मलाजखंड और छिंदवाड़ा में 8 डिग्री के नीचे रात का पारा दर्ज किया गया।

इसे भी पढ़ें: News in Brief, 20 December: मध्य प्रदेश [MP] की बड़ी खबरें एक साथ, एक क्लिक में पढ़ें

जानें क्यों बढ़ रहा एमपी का पारा 
मौसम वैज्ञानिक के मुताबिक, एमपी में अलग-अलग स्थानों पर सक्रिय मौसम प्रणालियों के प्रभाव से हवा का रुख बदला है। इसलिए प्रदेश में शीतलहर नहीं चल रही है। अगले 2-3 दिन तक रात के टेम्प्रेचर में बढ़ोतरी रहेगी। जिससे ठंड का असर कम रहेगा। उत्तर भारत में वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) एक्टिव है। इसके गुजरने के बाद बर्फबारी होगी। जिससे उत्तरी हवाएं फिर से चलने लगेंगी। इसके बाद प्रदेश में कड़ाके की ठंड का दौर फिर से आएगा।

आज इन जिलों में कोहरे का असर 
मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी प्रदेश की कुछ जिलों में कोहरा छाए रहने की चेतावनी जारी की है। ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुर, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में कोहरे का असर रहेगा। दिन में धूप भी खिली रह सकती है। हालांकि किसी भी जिले में शीतलहर या अन्य तरह की ठंड को लेकर कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है। 

दिन का पारा भी बढ़ा 
एमपी में पिछले एक सप्ताह तेज सर्दी पड़ी। कड़ाके की ठंड से लोगों की कंपकंपी छूट गई। अब तीन-चार दिन सर्दी से राहत मिलेगी। हवा कर रुख बदलने से इंदौर, धार, गुना, नर्मदापुरम, खंडवा, खरगोन, नरसिंहपुर, सागर, सिवनी जैसे शहरों में तो पारा 10-11 डिग्री तक पहुंच गया है। अधिकांश शहरों में दिन का तापमान में बढ़ा है। दमोह, सिवनी, खजुराहो, मंडला, नवगांव, रीवा, सागर, टीकमगढ़, उमरिया, मलाजखंड, बैतूल, गुना, इंदौर, रतलाम, रायसेन सहित कई जिलों में दिन के तापमान में भी 3 डिग्री तक बढ़ोतरी हुई है। 

Similar News