लोकसभा चुनाव 2024: भाजपा को घेरने कांग्रेस का बड़ा दांव, वीडी शर्मा के सामने उतारेगी सपा उम्मीदवार, जानें खजुराहो का सियासी समीकरण 

Lok Sabha Election 2024: कांग्रेस ने मप्र में भाजपा को घेरने खजुराहो सीट समाजवादी पार्टी के लिए छोड़ दी है। यहां अभी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा सांसद हैं।

Updated On 2024-02-21 21:27:00 IST
सोमवार को समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस को उत्तर प्रदेश में 17 लोकसभा सीटों की पेशकश की थी।

Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुटी कांग्रेस ने मप्र में भाजपा को घेरने बड़ा दांव चला है। समझौते के तहत कांग्रेस ने खजुराहो सीट समाजवादी पार्टी के लिए छोड़ दी है। यहां से अभी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा सांसद हैं। मौजूदा सियासी समीकरणों के हिसाब से देखें तो इस सीट से चुनाव लड़ना कांग्रेस के लिए चुनौतियों से भरा था। 

सपा के लिए यह सीट चुनौतीपूर्ण
सपा के लिए भी यह सीट कम चुनौतीपूर्ण साबित नहीं होने वाली। इसकी मुख्य वजह है कि इस सीट पर बीेजेपी की मजबूत पकड़ है। हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने मध्यप्रदेश के खजुराहो लोकसभा सीट के दायरे में आने वाली सभी आठ विधानसभा सीटों पर जीत हासिल की थी। हालांकि, यह सीट उत्तर प्रदेश की सीमा से सटा है। ऐसे में सपा को उम्मीद है कि वह इस सीट से अच्छा प्रदर्शन कर सकती है।

साल 1999 से जीत रही बीजेपी
खजुराहो लोकसभा क्षेत्र छतरपुर, कटनी और पन्ना से सटा हुआ है। यहां पर बीजेपी का का प्रभाव ज्यादा है। आलम यह है कि इस सीट से बीजेपी ने जिस भी कैंडिडेट को चुनावी मैदान में उतारा, उसके कभी भी हार का सामना नहीं करना पड़ा। जनता ने उसे भरपूर प्यार दिया और जीत दिलाई। साल 1999 से ही इस सीट पर बीजेपी लगातार जीत हासिल करती आ रही है। इस लोकसभा सीट के अंतर्गत रामनगर,पवई,चंदला,गुनौर,विजयराघवगढ़, मुड़वारा, बहोरीबंद और पन्ना विधानसभा क्षेत्र आते हैं।

2019 में कांग्रेस को मिली करारी हार
साल 2019 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने खजुराहो लोकसभा सीट से डॉ विष्णु दत्त शर्मा(वीडी शर्मा) को टिकट दिया था। शर्मा मुरैना क्षेत्र से ताल्लुक रखते हैं। उनके खिलाफ राजनगर राजघराने की महारानी कविता सिंह कांग्रेस के टिकट से चुनाव लड़ी थी। मुख्य मुकाबला इन्हीं दो प्रत्याशियों में था। हालांकि, शाही परिवार से ताल्लुक रखने के बावजूद कविता सिंह को करारी हार का सामना करना पड़ा। वीडी शर्मा ने करीब पांच लाख वोटों के अंतर से इस चुनाव में जीत हासिल की थी। 

Similar News