Kuno National Park: चीता 'गामिनी' के पांच शावकों ने सुहाने मौसम का उठाया आनंद, उछल-कूद और मस्ती का VIDEO

Kuno National Park: मध्यप्रदेश के कूनो नेशनल पार्क से अच्छी खबर है। रिमझिम बारिश के सुहाने मौसम में मादा चीता गामिनी के 5 शावक मस्ती करते दिखे। कूनो में उछल-कूद और मस्ती करते हुए शावकों का वीडियो केंद्रीय वन मंत्री ने एक्स पर शेयर किया है।

Updated On 2024-07-05 17:41:00 IST
Kuno National Park

Kuno National Park: श्योपुर के कूनो नेशनल पार्क में चीता शावक बारिश के सुहाने मौसम का आनंद उठा रहे हैं। रिमझिम बरसात के बीच शुक्रवार को माता चीता गामिनी के पांचों शावक उछल-कूद और मस्ती करते कैमरे में कैद हुए। केंद्रीय वन मंत्री भूपेंद्र सिंह ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर शावकों का वीडियो शेयर किया है। वीडियो में दिख रहा है कि 5 शावक आपस में मस्ती कर रहे हैं। एक तरफ उनकी मां गामिनी भी खड़ी है, जो अपने बच्चों पर नजर बनाए हुए है। बेहद आनंदित कर देने वाला नजारा वन अमले ने अपने कैमरे में रिकॉर्ड किया है।

मंत्री की एक्स पर पोस्ट
केंद्रीय वन मंत्री भूपेंद्र सिंह ने एक्स पर लिखा है कि चीता गामिनी अपने 5 पांच शावकों के साथ आज सुबह कूनो नेशनल पार्क में बारिश का आनंद ले रही है। साथ में शावक सुहाने मौसम में पारिवारिक सद्भाव की एक कहानी बुन रहे हैं।  

गामिनी ने छह शावकों को दिया था जन्म 
बता दें कि दक्षिण अफ्रीका से लाई 5 वर्षीय मादा चीता गामिनी ने 10 मार्च को 6 शावकों को जन्म दिया था। यह दुर्लभ स्थिति थी क्योंकि, अमूमन एक मादा चीता 3 से 5 शावकों को जन्म देती है, लेकिन गामिनी ने छह शावकों को जन्म दिया था। एक की मौत के बाद गामिनी के 5 शावक बचे हैं, जो स्वस्थ हैं। पांचों शावक नेचुरल परिवेश में पल-बढ़ रहे हैं। पांचों ने शुक्रवार को सुहाने मौसम का आनंद उठाया।

कूनो में अभी 26 चीते
नामीबिया और दक्षिण अफ्रीका से कूनो में 17 सितंबर 2022 को 20 चीते लाए गए थे। कूनो में अब तक 7 चीतों और 4 शावकों की मौत हो चुकी है। यानी कूनो में अब तक कुल 17 शावकों ने जन्म लिया था, जिनमें से 13 जीवित हैं। वर्तमान में 26 चीते हैं। 13 बड़े चीते और 13 शावक हैं। कूनो के खुले जंगल में फिलहाल सिर्फ पवन चीता को ही छोड़ा गया है।    

Similar News