MP में नेता पुत्रों का रौब: दिग्विजय के भतीजे के बाद पंचायत मंत्री के बेटे ने की पुलिस से बदसलूकी

MP में नेता पुत्रों का रौब सिरचढ़कर बोल रहा है। पूर्व CM दिग्विजय सिंह के भतीजे आदित्य के बाद अब मंत्री प्रहलाद पटेल के बेटे प्रबल ने पुलिस से बदसलूकी की है।

Updated On 2024-10-13 12:39:00 IST
प्रहलाद पटेल के बेटे का वीडियो वायरल: जबलपुर में टक्कर के बाद पुलिस से झड़प।

Jabalpur video Viral: मध्यप्रदेश में नेता पुत्रों का रौब सिर चढ़कर बोल रहा है। पूर्व CM दिग्विजय सिंह के भतीजे आदित्य के बाद अब मंत्री प्रहलाद पटेल के बेटे प्रबल का एक वीडियो सामने आया है। जिसमें वह बीच सड़क पर पुलिस से झूमाझटी करते दिख रहे हैं। पिता की धौंस दिखाते हुए वर्दी उतरवाने की धमकी भी दी है। 9 अक्टूबर को जबलपुर में हुई इस घटना का वीडियो शनिवार, 12 अक्टूबर को सामने आया है। 

पुलिस के अनुसार, प्रबल पटेल बिना नंबर की कार चला रहे थे। जबलपुर के लेबर चौक में उनकी कार एक डॉक्टर की गाड़ी से टकरा गई। हादसे के बाद प्रबल कार सवार दंपती से बदसलूकी करने लगे। हंगामा देख आसपास के लोग एकत्रित हो गए। पुलिस भी पहुंच गई। 

पुलिसकर्मी से धक्का-मुक्की
पुलिस जवानों ने बीच-बचाव का प्रयास किया तो प्रबल और उनके साथी पुलिस से ही भिड़ गए। एक पुलिसकर्मी से धक्का-मुक्की हो गई। हालांकि, अब तक न तो पुलिस ने कोई एक्शन लिया न ही मंत्री और उनके बेटे का कोई जवाब आया है। 

स्पीड कंट्रोल करने की बात पर विवाद 
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मेडिकल कॉलेज में पदस्थ डॉक्टर बाइक से अपनी मां के साथ कहीं जा रहे थे। तभी तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। डॉक्टर ने कहा, भीड़भाड़ वाले इलाके में इतनी स्पीड से कार न चलाने की समझाइश दी तो प्रबल और उनके साथी विवाद करने लगे। 

यह भी पढ़ें: मध्यप्रदेश: पूर्व सीएम के भतीजे ने पुलिस को धमकाया, टीआई के मुंह पर उड़ाया सिगरेट का धुआं, देखें वीडियो

प्रबल बोले-जानते हो कौन हूं?   
घटना की सूचना पाकर यादव कॉलोनी के चौकी प्रभारी सतीश झारिया स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे और समझाइश देने लगे। इस पर प्रबल ने कहा, जानते हो, मैं कौन हूं? मेरे पापा मंत्री हैं। हालांकि, डीआईजी टीके विद्यार्थी ने बताया, मामले की शिकायत नहीं मिली। डॉक्टर ने भी शिकायत नहीं की। 

यह भी पढ़ें: खुल्लम-खुल्ला: कौन है ये कपल, जो लोगों के घरों के सामने कर रहा अश्लील हरकत? शिकायत करने पर मचा बवाल

राज्यपाल के पोते ने जड़ा थप्पड़ 
कर्नाटक के राज्यपाल और पूर्व केंद्रीय मंत्री थावरचंद गहलोत के पोते ने पुलिसकर्मी को चांटा जड़ दिया। आरोपी पूर्व विधायक विशाल गहलोत का बेटा है। पुलिस ने उसके खिलाफ अब तक कोई प्रकरण दर्ज नहीं हुआ है। 

दिग्विजय सिंह के भतीजे पर एफआईआर 
दिग्विजय सिंह के भतीजे आदित्य ने भी 11 अक्टूबर को पुलिस अधिकारी से बदसलूकी की थी। पूर्व सांसद लक्ष्मण सिंह के बेटे आदित्य विक्रम सिंह के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है। उन्होंने महिला एसडीओपी और टीआई को घर जलाने की धमकी दी थी। आदित्य की इस हरकत की दिग्विजय सिंह ने ने निंदा की है। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने इस पर कहा है कि खानदानी परिवार का नौजवान ऐसा करता है। परिवार को समझाना चाहिए।

Similar News