इंदौर बनेगी डिजिटिल सिटी: 150 चौराहों पर फ्री वाई-फाई, Mobile App से बुला सकेंगे कचरा वाहन; 8 हजार करोड़ का बजट पेश 

Indore Nagar Nigam Budget : इंदौर महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने गुरुवार (3 अप्रैल) को नगर निगम का बजट पेश किया। कहा-डिजिटल पता, फ्री वाई-फाई और कचरा वाहन ऐप देंगे।

Updated On 2025-04-03 16:38:00 IST
इंदौर बनेगी डिजिटिल सिटी: 150 चौराहों पर फ्री वाई-फाई, ऐप से रैपिडो की तरह बुला सकेंगे कचरा वाहन; 8 हजार करोड़ का बजट पेश।

Indore Nagar Nigam Budget : देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर में रैपिडो की तर्ज पर कचरा कलेक्शन गाड़ी बुला सकेंगे। नगर निगम प्रशासन इसके लिए हाईटेक सिस्टम तैयार कर रहा है। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने यह जानकारी गुरुवार (3 अप्रैल) को नगर निगम के बजट भाषण में दी है। बताया कि इंदौर नगर निगम कोई नया टैक्स नहीं लगा रहा। 

बजट में सफाई-ट्रैफिक और सड़क पर जोर 
इंदौर महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने नगर निगम में 8 हजार करोड़ से अधिक का बजट पेश किया है। कहा, बजट में 8174.94 करोड़ की आय और 8236.98 करोड़ व्यय प्रस्तावित है। सफाई, ट्रैफिक, सड़क सहित कई अहम प्रस्ताव पेश किए गए हैं। इसके अलावा 150 चौराहों पर फ्री वाई-फाई सेवा देंगे। 

कचरा कलेक्शन में डिजिटल तकनीक
महापौर ने इंदौर को डिजिटल सिटी के रूप में डेवलप करने का आश्वासन दिया। कहा, कचरा कलेक्शन में डिजिटल तकनीक का उपयोग कर रहे हैं। शहरवासी जोमेटो और रैपिडो की तरह कचरा कलेक्शन की गाड़ी बुला सकेंगे। इसके लिए एप डेवलप बनाया जा रहा है। 

हर घर को मिलेगा डिजिटल पता 
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने बताया कि इंदौर के हर परिवार को डिजिटल एड्रेस उपलब्ध कराया जाएगा। वार्ड 82 में इसके लिए पायलट प्रोजेक्ट तौर पर शुरू किया जाएगा। नगर निगम खुद पोर्टल बना रहा है। इसके लिए कंपनी निर्धारित कर ली गई है। 

28 चौराहों का होगा चौड़ीकरण
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने बताया, इंदौर के 150 व्यस्त चौराहों पर फ्री वाई-फाई सेवा मिलेगी। नगर निगम ने इस दिशा में काम शुरू कर दिया है। महापौर ने इस वर्ष 28 चौराहों के लेफ्ट टर्न चौड़ीकरण का लक्ष्य रखा है। बताया, बीआरटीएस हटाने के निर्णय से मुख्यमंत्री और कोर्ट भी सहमत हैं। 

स्वामी विवेकानंद की 39 फीट ऊंची प्रतिमा
महापौर भार्गव ने बताया कि इंदौर में स्वामी विवेकानंद की 39 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित की जाएगी। साथ ही नगर निगम भवन के निर्माण के लिए 350 करोड़ लिया जाएगा। उन्होंने 15 करोड़ से हॉकर्स ज़ोन, धार रोड-चंदन नगर-एयरपोर्ट को जोड़ने वाले ब्रिज निर्माण और हर विधानसभा क्षेत्र में आदर्श सड़क बनाने का ऐलान किया है। 

फर्जी बिल घोटाले पर जबरदस्त हंगामा 
नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे ने बजट भाषण के पहले निगम के फर्जी बिल घोटाले का मुद्दा उठाया। जिस पर जबरदस्त हंगामा हुआ। महापौर ने कहा, जिन्होंने घोटाला करने वाले लोग जेल में हैं। वसूलीकी प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। 

Similar News